हिमाचल कैबिनेट ने हजारों कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। हिमाचल मंत्रिमंडल ने तीन श्रेणियों के 26653 अस्थायी कर्मचारियों का मानदेय एक अप्रैल 2019 से बढ़ाने को मंजूरी दे दी है।
यह बढ़ोतरी शिक्षा विभाग में 21750 कुक-कम-हेल्परों, 2268 अंशकालिक जलवाहकों और 2635 एसएमसी शिक्षकों के मानदेय में होगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में सोमवार को हुई प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।
इनमें सरकारी स्कूलों में मिड डे मील योजना के तहत काम कर कुक-कम-हेल्पर के मानदेय को 200 रुपये बढ़ाने की मंजूरी दे दी गई। इसे 1800 रुपये से बढ़ाकर 2000 रुपये कर दिया गया है।
कैबिनेट ने शिक्षा विभाग में कार्यरत 2268 अंशकालिक जलवाहकों का मानदेय भी 200 रुपये बढ़ा दिया है। इसे 2200 रुपये से बढ़ाकर 2400 रुपये कर दिया गया है। इसी तरह से एसएमसी पालिसी के तहत नियुक्त 2635 शिक्षकों के मानदेय को 20 प्रतिशत प्रतिमाह की दर से बढ़ोतरी करने की भी स्वीकृति दे दी है।
300 से ज्यादा पद भरने को मंजूरी, बहुतकनीकी कॉलेज सिराज को 115 पद
राज्य मंत्रिमंडल न विभिन्न विभागों में अलग-अलग श्रेणियों के 300 से अधिक पदों को भरने की मंजूरी दे दी है। इनमें मंडी के सिराज में खोले जा रहे बहुतकनीकी संस्थान में विभिन्न श्रेणियों के 115 और विभिन्न आईटीआई में 42 पद भरने को मंजूरी दे दी गई।