हिमाचल में मौसम को लेकर विभाग ने ताजा अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने राज्य के 11 जिलों के लिए भारी बारिश-बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। विभाग ने शुक्रवार को इन जिलों के लिए येलो-ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य में हुई ताजा बर्फबारी के बाद अभी दुश्वारियां कम नहीं हुई हैं। ऐसे में फिर से भारी बर्फबारी की चेतावनी ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
हिमाचल में तीसरे दिन भी परिवहन सेवाएं पटरी पर नहीं लौटी हैं। राजधानी शिमला के साथ डल्हौजी, चंबा, रामपुर नाहन, रोहडू और सोलन समेत कई ग्रामीण क्षेत्रों के 300 रूट बाधित चल रहे हैं। लोक निर्माण विभाग के मंडी, शिमला और कांगड़ा तीनों सर्कल की 835 सड़कें यातायात के लिए बाधित हैं। हालांकि, परिवहन निगम ने चौपाल और नेरवा के लिए ऑन ट्रायल वाया पावंटा बस भेजी है, जबकि रामपुर और रिकांगपिओ के लिए बसों को वाया धामी होकर भेजा जा रहा है।
किस सर्कल में कितनी सड़कें बंद
सोलन 07, शिमला 187, रामपुर 191, नाहन 36, रोहड़ू में 221 सड़कें बंद हैं। वहीं मंडी 79 और कुल्लू 60, कांगड़ा सर्कल में पालमपुर की तीन और डलहौजी की 46 सड़कें बंद हैं। लोक निर्माण विभाग ने शनिवार को 306 सड़कों को यातायात के लिए बहाल करने का दावा किया है। विभाग ने 440 मशीनरियों को सड़क से बर्फ हटाने में लगाया है।
राज्य में 11 जनवरी से मौसम दोबारा बिगड़ने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में बदलाव आएगा। 13 और 16 जनवरी को प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी होगी। 17 जनवरी तक हिमाचल में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। 13 जनवरी को ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में ओलावृष्टि और गरज के साथ तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
वहीं, आठ जिलों के लिए 13 जनवरी को भारी बारिश-बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों के लिए बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। उधर, राजधानी शिमला सहित प्रदेश के नौ क्षेत्रों का रात का तापमान माइनस में पहुंच गया। नाहन में गुरुवार रात को सबसे अधिक 6.1 डिग्री न्यूनतम पारा दर्ज हुआ। प्रदेश के अन्य सभी क्षेत्रों का न्यूनतम तापमान इससे कम रहा।