राजधानी के राजकीय कन्या महाविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र 2016 में प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाली छात्राओं के स्वागत के लिए फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। इसमें कॉलेज की छात्रा वैष्णवी के सिर मिस फ्रेशर का ताज सजा। जबकि परमजयी फर्स्ट रनर अप रही और शबनम के सिर सैकेंड रनर अप का खिताब दिया गया।
कॉलेज सभागार में आयोजित की गई सौंदर्य प्रतियोगिता में नई प्रवेश लेने वाली छात्राओं ने रंग बिरंगे परिधानों में स्टेज पर कैट वॉक कर अदाओं के जलवे बिखेरे। इस कार्यक्रम में कॉलेज की प्राचार्य प्रो. मीरा वालिया ने विजेता रही वैष्णवी को ताज पहना कर सम्मानित किया। इस सौंदर्य प्रतियोगिता में छात्राओं को कई और टाइटल भी दिए गए।
इनमें पूजा वर्मा को मिस टैलेंटिड, शीतल को मिस कॉन्फिडेंट, का खिताब देकर नवाजा गया। इस प्रतियोगिता में कुल 38 छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनके लिए तीन राउंड हुए, जिसमें छात्राओं ने रंग बिरंगे परिधानों में मॉडलिंग की, दूसरे में अपना परिचय देकर अपनी अलग प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए गीत गाए और डांस आदि कर छात्राओं का मनोरंजन किया।
अंतिम राउंड में पहुंची छात्राओं से सवाल किए गए। इन तीनों राउंड में दिए गए अंकों के आधार पर ही मिस आरकेएमवी का चयन किया गया। कालेज छात्रा मुस्कान ने ...बार-बार देखो हजार बार देखो और प्रियंका ने ...आइए मेहरबां गीत गाए।
वहीं शरीना और शबनम ने ...मैं नाचूं आज छम-छम गाने पर डांस कर धूम मचाई। कालेज छात्राओं ने ... रंगीलो म्हारो ढोलणा गाने पर राजस्थानी नृत्य कर माहौल रंगीन बना दिया।