प्रदेश में मौसम एक बार फिर बदल गया है। मंगलवार दोपहर बाद रोहतांग समेत प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। राजधानी शिमला में भी देर शाम बर्फ के फाहे गिरे।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बुधवार और वीरवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश-बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। पूरे प्रदेश में ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में आठ फरवरी तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है।
मंगलवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में दिन भर बादल छाए रहे। हालांकि तापमान में अधिक गिरावट दर्ज नहीं हुई। ऊना में अधिकतम तापमान 21.5, नाहन-कांगड़ा में 20.0, बिलासपुर में 18.8, हमीरपुर में 18.8, चंबा में 18.7, सुंदरनगर में 16.3, भुंतर में 15.6, शिमला में 13.6, धर्मशाला में 12.8, डलहौजी में 5.6, कल्पा में 5.5 और केलांग में 3.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
उधर, राजधानी में मंगलवार देर शाम बर्फ के फाहे गिरे। मंगलवार दोपहर को रोहतांग और इसके आसपास की ऊंची पहाड़ियों में हल्की बर्फबारी हुई। प्रशासन ने मौसम विभाग की चेतावनी के बाद अलर्ट जारी किया है।
पर्यटकों व आम लोगों को संवेदनशील इलाकों की ओर न जाने की चेतावनी दी गई है। बीते दिनों हुई बर्फबारी के चलते घाटी में अभी भी नेशनल हाईवे 305 आनी-कुल्लू सहित कई सड़क मार्गों पर वाहनों की आवाजाही ठप है।