रोहतांग समेत हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जारी बर्फबारी से मनाली-लेह सामरिक मार्ग फिर बंद हो गया है। दोनों छोर में ताजा हिमपात होने से अटल टनल रोहतांग को भी पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। टनल के साउथ पोर्टल, नॉर्थ पोर्टल, रोहतांग दर्रा, बाराचाला और कुंजुम दर्रा में ताजा बर्फबारी हुई है। शनिवार को कुल्लू-मनाली सहित लाहौल के निचले इलाकों में झमाझम बारिश हुई है। राजधानी शिमला में भी देर शाम को बारिश के साथ तूफान भी चला। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रहने के साथ कई क्षेत्रों में धूप भी खिली। शनिवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम दर्ज हुआ।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने रविवार और सोमवार को प्रदेश के मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा और मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान जताया है। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों किन्नौर व लाहौल स्पीति में बर्फबारी के आसार हैं।
20 से 22 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में बादल बरसने के आसार हैं। 20 और 21 अप्रैल को मैदानी और मध्य पर्वतीय जिलों में अंधड़, ओलावृष्टि और बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। 23 अप्रैल को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है। कुल्लू में शनिवार शाम को ओलावृष्टि हुई। इससे सेब समेत अन्य फलदार फसलों को नुकसान पहुंचा है।
शुक्रवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान 0.1, कल्पा में 4.6, डलहौजी में 7.0, कुफरी में 6.0, शिमला-मनाली में 8.5, धर्मशाला-सोलन में 11.4, चंबा में 14.7, मंडी में 14.0, कांगड़ा में 15.2, हमीरपुर-ऊना में 17.8, नाहन में 16.5 और बिलासपुर में 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, रोहतांग टनल के साउथ पोर्टल में बर्फ के कारण फिसलन से 108 एंबुलेंस सड़क पर पलट गई। हालांकि हादसे में किसी को कोई चोट नहीं आई है।
5 of 6
चंबा में बारिश से राहत।
- फोटो : अमर उजाला
जल शक्ति और वन विभाग ने ली राहत की सांस
मौसम में आए बदलाव से जल शक्ति और वन विभाग ने राहत की सांस ली है। बढ़ती गर्मी के कारण जंगलों में आग की घटनाओं के साथ-साथ गहराते पेयजल संकट में यह बारिश राहत बनकर आई है। उधर, मैदानी जिलों में हो रही बारिश गेहूं की फसल काटने में जुटे किसानों के लिए आफत बन गई है। गेहूं की कटाई कर चुके लोगों की फसल भी बारिश में भीग गई है।