हिमाचल के जिला ऊना के बाथड़ी और बणे दी हट्टी में प्रवासियों की झुग्गियों में भड़की आग बुझी भी नहीं थी कि अगले ही दिन घालुवाल पुल के पास करीब पचास और झुग्गियां आग की भेंट चढ़ गईं। अग्निकांड में मजदूरों की करीब 40 हजार रुपये की नकदी सहित अन्य कीमती सामान भी आग की भेंट चढ़ गया।
हिमाचल के ऊना में फिर भीषण अग्निकांड, 50 परिवार हुए बेघर
घटना में लाखों रुपयों के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। दोपहर बाद हुई घटना से लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर दर्जनों लोग एकत्रित हो गए। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंच कर घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर घालुवाल पुल के समीप स्थित प्रवासी मजदूरों की झुग्गियों में आग की लपटें उठनी शुरू हो गईं। इससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय मजदूर काम पर गए हुए थे। भीषण आग को देखते हुए स्थानीय लोग एकत्रित हो गए और आग को बुझाने में जुट गए, लेकिन कड़कती धूप और आग की भीषण लपटों की तपिश के आगे लोगों की एक न चली।
इसके बाद दमकल विभाग को सूचित किया गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल विभाग ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आगजनी के बाद सभी परिवार बेघर हो गए हैं। बच्चे, महिलाएं सभी तपती धूप में खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
आग की घटना में राज कुमार की झुग्गी एवं उसमें रखी 20 हजार की नकदी जलकर राख हो गए। वहीं, रामपाल के 10 हजार, लटूरी के 10 हजार सहित अन्य प्रवासी मजदूरों की झुग्गी सहित अंदर रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। दमकल विभाग के प्रभारी सरवण कुमार ने बताया कि आग की सूचना पर दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया।