मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शहर को करोड़ों की सौगातें दी। सीएम ने सीनियर सेकेंडरी स्कूल संजौली और सीनियर सेकेंडरी स्कूल लक्कड़ बाजार के नए भवनों की आधारशिला रखी। संजौली के इंजनघर वार्ड में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने का एलान किया और बहुउद्देशीय स्टेडियम का शिलान्यास किया। इसके अलावा गंज बाजार में सनातन धर्म सभा की ओर से बनाए जाने वाली सराय ‘श्री राधे भवन’ की भी आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री ने शहर में नई सड़कों के निर्माण और नागरिक सुविधाओं में विस्तार के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने संजौली स्कूल में नए भवन की आधार शिला रखी। उन्होंने अधिकारियों को डबल शिफ्ट में स्कूल के नए भवन का काम करने के निर्देश दिए ताकि जल्द से जल्द भवन बन कर तैयार हो सके।
PICS: शहर को करोड़ों की सौगात दे गए सीएम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला इंजनघर वार्ड पहुंचा यहां मुख्यमंत्री ने स्थानीय पार्षद सुशांत कपरेट की मांग पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने का एलान किया। साथ ही 1.86 करोड़ से बहुउद्देशीय स्टेडियम की नींव भी रखी। पहली किश्त के तौर पर 50 लाख रुपये जारी करने के भी आदेश दिए। उन्होंने संजौली क्षेत्र में सड़कों को चौड़ा करने तथा नई सड़कों का निर्माण व नागरिक सुविधाएं विकसित करने के लिए एक विस्तृत योजना तैयार करने के भी निर्देश दिए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने लक्कड़ बाजार स्कूल में 7.72 करोड़ से बनने वाले नए भवन का शिलान्यास किया। उन्होंने अधिकारियों को स्कूल के गेट को नए सिरे से बनाने के भी आदेश दिए।
एक के बाद एक चार कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री ने शहर के लोगों पर जहां तोहफों की बरसात कर दी वहीं नगर निगम के मेयर निशाने पर रहे। संजौली स्कूल में कार्यक्रम के दौरान मेयर को मंच पर जगह नहीं मिली। थोड़ी देर स्कूल ग्राउंड में खड़े रहने के बाद मेयर नाराज होकर कार्यक्रम छोड़ कर चल दिए। हालांकि इस बीच स्कूल के प्रिंसिपल ने अपनी कुर्सी छोड़ कर मेयर से बैठने का आग्रह किया लेकिन मेयर नहीं माने। कार्यक्रम के दौरान मेयर, डिप्टी मेयर के अलावा नगर निगम के पार्षदों को भी मंच पर जगह नहीं मिली। कांग्रेस नेताओं और विभिन्न विभागों के अधिकारी ने कुर्सियों पर कब्जा करके रखा।
स्कूल भवन के सामने व्यवसायिक परिसर के निर्माण को लेकर नगर निगम पर मुख्यमंत्री ने निशाना साधा। हालांकि, संजौली स्कूल के बाद इंजनघर वार्ड में स्टेडियम के शिलान्यास अवसर पर मेयर डिप्टी मेयर मुख्यमंत्री के अगल बगल की कुर्सियां हथियाने में कामयाब रहे, लेकिन यहां भी निशाने पर मेयर ही थे। मंच पर मुख्यमंत्री से कर दी मेयर की शिकायत- राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष किरण धांटा ने मंच पर ही मुख्यमंत्री से मेयर की शिकायत कर दी। किरण ने बताया कि इंजनघर से सांगटी के लिए एंबुलेंस रोड 4 सालों से प्रस्तावित है, लेकिन नगर निगम सड़क बनाने को लेकर गंभीर नहीं है। सड़क के लिए बजट भी सरकार ने दिया है। उन्होंने बताया कि सांगटी नाला में गिरने से दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं मेयर से नाले को कवर कर सीढ़ियां लगाने का आग्रह किया था लेकिन मेयर काम नहीं करवा रहे।
एक के बाद एक आरोपों की बारिश होती देख मेयर ने मुख्यमंत्री से कहा कि राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्षा किरण धांटा उनकी भाभी लगती है, इसलिए शिकायत कर रही हैं। नगर निगम अपने कार्य को लेकर गंभीर है। मुख्यमंत्री ने नगर निगम को एक महीने के भीतर काम शुरू करने के आदेश दिए। सनातन धर्म सभा की ओर से एसडी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सभा को जमीन का नक्शा पास करवाने में सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने सामाजिक कार्यों में बढ़ चढ़ कर योगदान देने के लिए सभा की जम कर प्रशंसा की। उन्होंने सराय के लिए प्रस्तावित जमीन के पास खाली जगह सभा को उपलब्ध करवाने का भी आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने स्कूल में इंडोर स्टेडियम बनाने के लिए नक्शा पास करने में सहयोग का भी एलान किया।