हिमाचल के जिला सोलन के बद्दी में भीषण अग्निकांड में व्यापक स्तर पर नुकसान हुआ है। औद्योगिक हब बद्दी के काठा में वीरवार दोपहर ढाई बजे दिल दहला देने वाली घटना में 70 झुग्गियों समेत नौ साल का एक मासूम आग में जिंदा जल गया।
प्रवासी लोगाें ने भागकर अपनी जान बचाई। मृतक बच्चे की पहचान सूरज (9) पुत्र राजू निवासी बरेली यूपी के रूप में हुई है। आग की लपटों के बीच झुग्गियों में रखे गैस सिलिंडर भी फट गए, जिससे पास ही में एक उद्योग में भी आग लग गई।
इस अग्निकांड में 20 लाख से ज्यादा की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।काठा में प्रवासियों ने निजी भूमि पर झुग्गियां बनाई हुई थीं।
आग की सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। फायर टेंडर लेकर पहुंचे अमले ने करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस पूरे ऑपरेशन से आग की चपेट में आए उद्योग और 50 अन्य झुग्गियों को जलने से बचा लिया गया। अग्निशमन केंद्र बद्दी के दमकल अधिकारी देवेंद्र झौटा ने कहा कि आग से 70 झुग्गियों समेत 9 साल का बच्चा जिंदा जल गया है।