लखनऊ में हाईवे से हटाए गए शराब के ठेके कॉलोनियों और गली-मुहल्ले में खोलने से नाराज लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। लगातार दूसरे दिन मंगलवार को आक्रोशित महिलाएं सड़क पर उतरीं।
हजरतगंज के बालू अड्डा, गोमतीनगर के विवेकखंड, पीजीआई, सरोजनीनगर और मोहनलालगंज सहित जगह-जगह पर लोगों ने ठेकों पर धरना-प्रदर्शन किया। कई जगह पर तोड़फोड़ और आगजनी से हालात बेकाबू हो गए। एसएसपी मंजिल सैनी ने ठेकों पर बवाल और अराजकता रोकने के निर्देश देते हुए सभी थानों की पुलिस को सतर्क कर दिया है।
गोमतीनगर के विनयखंड के बेलहवां की महिलाओं ने देशी शराब के ठेके पर मंगलवार शाम धावा बोला। महिलाओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी भी थे। बड़ी संख्या में लोगों को आता देख कर्मचारी दुकान छोड़कर भाग निकले। गुस्साई महिलाओं ने रिहायशी इलाके में टीसीआई सेंटर में दो साल से अवैध तरीके से चल रहे ठेके को फूंक डाला।
एएसपी उत्तरी विजय ढुल और सीओ गोमतीनगर सत्यसेन यादव भी मौके पर पहुंच गए। इसी बीच ठेके के कर्मचारी से स्थानीय लोगों ने हाथापाई कर ली। पुलिस ने लोगों को भगाने के लिए सड़क पर लाठियां चटकाईं।
हजरतगंज थानाक्षेत्र के बालू अड्डे के पास 50 मीटर की दायरे में शराब की तीन दुकानें हैं। इसमें चौराहे के पास देशी शराब, यहां से 50 मीटर की दूरी पर अंग्रेजी वाइन और बीयर शॉप आमने सामने है।