लखनऊ में सोमवार को भी लोगों को तीखी धूप का सामना करना पड़ा। मौसम के इस तेवर ने स्कूली बच्चों और ऑफिस जाने वालों की हालत पस्त कर दी। इसके पहले झुलसाती धूप की तल्खी संग गर्म हवाओं के तेज थपेड़ों ने रविवार को भी मौसम का मिजाज गर्म बनाए रखा।
सुबह से ही तेज धूप की तपिश आठ बजे से ही दोपहर का सा एहसास कराने लगी थी। समय बढ़ने के साथ धूप संग गर्म हवा की तल्खी भीषण गर्मी में तब्दील होती गयी। इससे दिन का अधिकतम तापमान 42 डिग्री के पार होकर 42.7 पर जाकर थमा।
उत्तर पश्चिम से आ रही तेज हवाओं के कारण उड़ती धूल सड़क पर चलने वालों की दुश्वारियां बढ़ा रही थी। इससे दोपहर बाद सड़कों पर भीड़ भाड़ भी काफी कम दिखी। मौसम विभाग ने फिलहाल भीषण गर्मी और तपिश से किसी भी तरह की राहत न मिलने की बात कहते हुए दिन और रात के तापमान में कोई विशेष बदलाव न होने की बात कही है।
weather forecast in april in lucknow
रविवार को दिन का अधिकतम पार 42.7 डिग्री और रात का न्यूनम तापमान 23.4 डिग्री रहा।
आने वाले 24 घंटे में दिन का अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने की आशंका जताते हुए मौसम विभाग ने तेज गर्म हवा चलने की संभावना जताई है।