गोंडा के परसपुर में बर्तन व्यापारी विनोद कुमार साहनी की हत्या के बाद शुक्रवार सुबह सवा आठ बजे रेक्सड़िया मल्लहनपुरवा का माहौल बदला हुआ नजर आया। गांव से पहले ही पुलिस का बैरियर लगा है। आने-जाने वालों पर खाकी की पैनी नजर है। बैरियर पार कर गांव में पहुंचते ही विनोद साहनी के घर से उठ रही चीख-पुकार सन्नाटे को तोड़ रही है।
घर के अंदर बेटी विजयलक्ष्मी बार-बार कह रही है- “पापा को जगाओ... इतनी देर हो गई, अभी तक सोकर क्यों नहीं उठे।” यह कहते-कहते वह बेसुध हो जा रही है। पास बैठीं महिलाएं उसे संभालने की कोशिश कर रही हैं। पत्नी ऊषा भी बदहवास हैं। महिलाएं उनके चेहरे पर पानी के छींटे मारकर संभाल रही हैं।
2 of 14
विनोद की मौत पर पत्नी को संभालतीं सपा नेत्री काजल निषाद
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
इसी बीच पड़ोसी गांवों से पहुंचे लोग विनोद के बेटे राजा और उनके भाई से घटना की जानकारी लेने लगते हैं। भाई बताते हैं कि रात में ही करनैलगंज के भाजपा विधायक अजय सिंह घर पहुंचे थे। उनके साथ अधिकारी भी थे। परिवार से बातचीत हुई है और कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।
3 of 14
विनोद साहनी के पुत्र राजा निषाद के बेहोश होने पर पानी का छींटा डालते योगेश प्रताप सिंह
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सड़क पर शव रख लगाया जाम, कलेक्ट्रेट घेरा
गोंडा के परसपुर में बर्तन व्यापारी विनोद कुमार साहनी की हत्या के विरोध में शुक्रवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। रेक्सड़िया के मल्लहनपुरवा में धरने के बाद परिजन और ग्रामीण शव चारपाई पर रखकर जुलूस की शक्ल में शाहपुर की ओर निकले। पुलिस ने रास्ते में रोकने का प्रयास किया तो करीब आधे घंटे तक रस्साकशी और धक्का-मुक्की की स्थिति बनी रही। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने परसपुर-बरगदी मार्ग पर शाहपुर-धनावा के पास बीच सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। उधर, कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद की अगुवाई में निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर धरना दिया।
4 of 14
व्यापारी विनोद की फाइल फोटो, बिलखते परिजन
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विनोद की हत्या की खबर पाकर आसपास के गांवों और अन्य जिलों से निषाद समाज के सैकड़ों लोग शुक्रवार सुबह मल्लहनपुरवा पहुंच गए। ग्रामीणों, युवाओं और महिलाओं ने पुलिस-प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। करीब एक से डेढ़ किलोमीटर आगे बढ़ने पर पुलिस ने अवरोध लगाकर लोगों को रोकने का प्रयास किया। मगर भीड़ अधिक होने के कारण अवरोध प्रभावी नहीं हो सका।
5 of 14
सर्किट हाउस में डीएम प्रियंका निरंजन व एसपी अभिषेक से बात करते कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
प्रदर्शनकारी शाहपुर-धनावा पहुंच गए और सड़क पर शव रखकर जाम लगाकर धरना शुरू कर दिया। सुबह करीब 11:45 बजे शुरू हुआ धरना दोपहर 02:15 बजे तक चला। प्रदर्शनकारी मौके पर डीएम और एसपी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। उन्होंने आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने, परिवार को पांच करोड़ रुपये मुआवजा देने, एक सदस्य को सरकारी नौकरी और परिवार की सुरक्षा की मांग उठाई।