अमेठी में बाजार शुकुल के भटमऊ गांव के एक व्यक्ति की गुरुवार सुबह मिलर टैंकर की टक्कर से मौत के बाद ग्रामीण उग्र हो गए और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के प्लांट पर धावा बोल दिया। उग्र ग्रामीणों ने प्लांट को आग के हवाले करते हुए तोड़फोड़ व मारपीट शुरू कर दी। प्लांट के कर्मचारियों ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। सूचना पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे डीएम व एसपी ने स्थिति को नियंत्रित कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाजार शुकुल थाना क्षेत्र के गांव भटमऊ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे फेज-2 का प्लांट व कार्यालय संचालित हो रहा है।
हादसे में ग्रामीण की मौत के बाद जमकर बवाल, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के प्लांट में लगाई आग, कई वाहन भी फूंके
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुरुवार सुबह गांव निवासी शिवबरन (52) पैदल दूध देने पूरे बख्तावर गांव स्थित डेरी गया था। लौटते समय उसे प्लांट के टैंकर ने रौंद दिया। हादसे में शिवबरन की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने प्लांट पर धावा बोल दिया। वहां मौजूद सुरक्षा गार्डों ने विरोध किया तो ग्रामीण उन पर हमलावर हो गए और प्लांट को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते वहां भगदड़ मच गई। प्लांट कर्मचारियों ने वहां से भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही डीएम अरुण कुमार, एसपी दिनेश सिंह, एडीएम वंदिता श्रीवास्तव ने पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। फायर कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आगजनी में बैचिंग प्लांट, लैब, स्टोर, दो पिकअप तथा एक बाइक जल गई। ग्रामीणों ने तीन बोलेरो जीप, एक बाइक, अस्थाई पेट्रोलपंप व कार्यालय भी क्षतिग्रस्त कर दिया है। डीएम की ओर से मृतक शिवबरन के आश्रितों को किसान दुर्घटना बीमा योजना से पांच लाख रुपये व कार्यदाई संस्था गायत्री प्रोजेक्ट की ओर से पांच लाख रुपये मुआवजा दिलाने तथा चालक के खिलाफ केस दर्ज करने के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दूध देने डेरी पर गए शिवबरन की हादसे में मौत की सूचना मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया। पत्नी सीमा रो-रोकर बेहोश हो रही थी तो बच्चों का भी बुरा हाल था। मृतक की बड़ी पुत्री लक्ष्मी की शादी हो गई है। शिवबरन अपने पीछे पत्नी के अलावा दीपक (18), अनुज (12), माया (14) व दया (15) को छोड़ गए हैं।
भटमऊ में बवाल की सूचना मिलते ही एसपी दिनेश सिंह के निर्देश पर कमरौली, जगदीशपुर, मुसाफिरखाना, संग्रामपुर व शिवरतनगंज पुलिस के साथ ही एक सेक्शन पीएसी मौके पर बुला ली गई। शव का दाह संस्कार होने तक पुलिस फोर्स की तैनाती पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के प्लांट व मृतक के गांव में की गई है। एसडीएम मुसाफिरखाना रामशंकर व सीओ मनोज कुमार यादव मौके पर कैंप कर रहे हैं।
एसपी ने बताया कि अभी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। कहा कि तहरीर मिलते ही तोडफ़ोड़ व मारपीट कर माहौल बिगाड़ने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का अधिकार किसी को नहीं है।