UPMSP UP Board 2020 10th/12th Results | यूपी बोर्ड 2020 कक्षा 10वीं/12वीं का रिजल्ट: यूपी बोर्ड की मेरिट लिस्ट में बाराबंकी के मेधावियों का दबदबा कायम है। शनिवार को घोषित यूपी बोर्ड के हाईस्कूल के रिजल्ट में इस बार इतिहास रचने वालों में अधिकांश किसान के बेटे हैं।
UP Board Result 2020: बाराबंकी में किसानों के बेटों ने रचा इतिहास, पांच मेधावियों ने टॉप 10 में बनाई जगह
डॉक्टर बनकर समाज सेवा करना चाहते हैं अभिमन्यु
हाईस्कूल की परीक्षा में 95.83 फीसदी अंक अर्जित कर प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल करने वाले श्री सांई इंटर कॉलेज लखपेड़ा के छात्र अभिमन्यु वर्मा डाक्टर बनना चाहते हैं। शहर से सटे छेदानगर गांव के निवासी अभिमन्यु के पिता रामहेत वर्मा किसान व माता शकुंतला वर्मा गृहणी है। अभिमन्यु ने कहा कि उसे उम्मीद थी कि उसके अंक 95 प्रतिशत से अधिक आएंगे। इसके लिए उसने पांच से छह घंटे की सेल्फ स्टडी की व ऑनलाइन क्लास के अतिरिक्त शिक्षकों से भी चर्चा की। अभिमंयु का पसंदीदा खेल क्रिकेट है। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रशंसक हैं। उसके माता-पिता ने कहा कि बेटे की इस पहली सफलता ने सपने पूरे करने की उम्मीद जगा दी है।
देश सेवा के लिए आईएएस बनना चाहते हैं योगेश
हाईस्कूल की परीक्षा में 95.33 प्रतिशत अंक हासिल कर सदभावना इंटर कॉलेज जीवल के छात्र योगेश प्रताप सिंह ने प्रदेश की टॉप 10 सूची में तीसरा स्थान प्राप्त किया। योगेश के पिता राजेंद्र प्रताप सिंह किसान व माता सुमति देवी गृहणी है। योगेश बताते हैं इस सफलता के लिए वह छह से सात घंटे पढ़ाई करते थे। उन्हें क्रिकेट बहुत पंसद है। योगेश आईएएस बनकर अपने देश व समाज के लिए काम करना चाहते हैं।
मेधावी नितीश का लक्ष्य है इंजीनियर बनना
हाईस्कूल परीक्षा में 94.67 फीसदी अंक हासिल कर प्रदेश की मेरिट सूची में पांचवां स्थान पाने वाले छात्र नितीश कुमार श्री सांई इंटर कॉलेज जैदपुर के छात्र हैं। इंजीनियर बनने की चाहत रखने वाले छात्र नितीश के पिता बंशराज गुप्ता किसान व माता पुष्पा देवी गृहणी है। नितीश बताते हैं कि इस मुकाम को हासिल करने के लिए उसने स्कूल के अलावा पांच से छह घंटे सेल्फ स्टडी की। नितीश इस सफलता से खुश तो हैं मगर उन्हें उम्मीद से कम अंक आने का मलाल जरूर है। कोठी क्षेत्र के अजाउवा निवासी नितीश के माता-पिता बेटे की सफलता से काफी खुश हैं। उन्होंने कहा कि बेटे की सफलता ने उन्हें समाज में पहचान दिलाई है।
डॉक्टर बनना अर्पित का सपना
हाईस्कूल की परीक्षा में 94.33 प्रतिशत अंक पाकर प्रदेश की टॉप टेन सूची में सातवां स्थान प्राप्त करने वाले अर्पित वर्मा प्रतिभा इंटर कॉलेज देवा के छात्र हैं। बीकर गांव के निवासी अर्पित के पिता प्रमोद कुमार किसान व माता निर्मला गृहणी है। अर्पित बताते हैं कि कॉलेज में शिक्षकों द्वारा पढ़ाए गए विषय की घर पर प्रतिदिन पांच से छह घंटे सेल्फ स्टडी कर यह मुकाम हासिल किया। अर्पित की सफलता से खुश उनके पिता ने बताया कि जो सपना वह पूरा नहीं कर सके उसको पूरा करने के लिए बेटे ने सफलता की एक सीढ़ी पार कर उम्मीद जगाई है। अर्पित कहते हैं कि उनका मकसद डॉक्टर बनकर गांव व गरीब को बेहतर व सस्ता इलाज उपलब्ध कराना है।