लखनऊ-पुणे एक्सप्रेस में किन्नरों ने सोमवार को जमकर आतंक मचाया। पहले यात्रियों से जबरन वसूली की, वहीं विरोध करने वालों की पिटाई कर दी। उधर, शिकायत पर भी आरपीएफ हाथ पर हाथ धरे रही। यात्री ने पूर्वोत्तर रेलवे डीआरएम विजयलक्ष्मी कौशिक से शिकायत दर्ज कराई है।
इंदिरानगर निवासी डॉ. संजीव कुमार झा ने रविवार सुबह पत्नी व बीमार बच्चे के साथ जंक्शन से पुणे के लिए ट्रेन पकड़ी। उनका रिजर्वेशन स्लीपर बोगी एस-3 व एस-8 में था। बताया कि ट्रेन छूटते ही किन्नर बोगियों में घुसने लगे और यात्रियों से जबरन पैसे वसूलने लगे। इन्कार पर गाली-गलौज की और पीटने लगे।
डॉ. संजीव ने बताया कि सफर में तीन बार किन्नरों ने वसूली की। इसकी शिकायत सोशल मीडिया से रेलमंत्री व पूर्वोत्तर रेलवे डीआरएम से की तो कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला टाल दिया गया। बताया कि वसूली का वीडियो भी वायरल किया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
लंबी दूरी की ट्रेनों में किन्नरों का आतंक थम नहीं रहा। इससे पहलेे 16094 चेन्नई सेंट्रल में भी वसूली की शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। ऐसे ही पुष्पक, राप्तीसागर में ये यात्रियों को परेशान करते हैं।
ट्रेन में आरपीएफ व जीआरपी के बावजूद किन्नरों को डर नहीं है। रेलवे बोर्ड ने इन पर अंकुश लगाने के निर्देश दे रखे हैं, लेकिन उन पर अमल नहीं हो रहा।