विश्व हिंदू महासभा के अन्तर्राष्ट्रीय अध्यक्ष रणजीत बच्चन की लखनऊ में रविवार सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह अपने मित्र आदित्य कुमार श्रीवास्तव के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे।
हिंदू महासभा के नेता रणजीत बच्चन पर युवती ने दर्ज कराया था दुष्कर्म का केस, हुई थी कुर्की, तस्वीरें
रणजीत बच्चन लंबे समय तक अखिल भारतीय हिंदू महासभा का प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। विवाद हो जाने पर उसने अपना खुद का विश्व हिंदू महासभा के नाम से संगठन बना लिया था। जिसका वह अन्तर्राष्ट्रीय अध्यक्ष था।
वह समाजवादी पार्टी से भी जुड़ा रहा है। सपा की साइकिल यात्रा में भाग लेने पर ही मुलायम सरकार ने रणजीत को राज्यमंत्री का दर्जा भी दिया था। सात लाख किमी से अधिक की साइकिल यात्रा में भाग लेने पर गिनीज बुक ऑफ वर्ड रिकॉर्ड में भी उसका नाम दर्ज है।
रणजीत की हत्या पर सपा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा और उनसे इस्तीफे की मांग की है। सपा के ट्विटर अकाउंट से ट्वीट किया गया कि लखनऊ में दिनदहाड़े हिन्दू महासभा के अध्यक्ष की हत्या से आम जनमानस में दहशत है। उत्तर प्रदेश में सरकार और पुलिस का इकबाल खत्म हो गया है! निकम्मी सरकार तत्काल इस्तीफा दें।
रणजीत बच्चन की हत्या ब्लैक स्पॉट पर हुई है। इलाके में कई सीसीटीवी कैमरे लगे हैं लेकिन मर्डर स्पॉट को कोई कैमरा एंगिल कवर नहीं करता है। ऐसे में कहा जा रहा है कि उनकी हत्या पूर्वनियोजित ढंग से की गई है।
हत्यारों ने रणजीत के सिर में कई गोलियां मारी हैं। हत्या जिस तरह से की गई। उससे कहा जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने वाले शूटर प्रोफेशनल थे।
पुलिस कमिश्नर लखनऊ ने ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने पर चौकी इंचार्ज समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है और मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लखनऊ पुलिस कमिश्नर ने छह टीमों का गठन किया है।