कांग्रेस सांसद व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एक दिन के दौरे पर मंगलवार को रायबरेली पहुंचे। जहां उन्होंने सबसे पहले जिले की सीमा से सटे चुरुआ हनुमान मंदिर में पूजा-पाठ किया और बजरंग बली से आशीर्वाद लिया।
राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद से ही काफी सक्रिय हैं। वह सोमवार को मणिपुर में थे और असम में बाढ़ पीड़ितों से मिले।
मंगलवार सुबह वह दिल्ली से लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे और यहां से अपने संसदीय क्षेत्र के लिए रवाना हो गए। लोकसभा चुनाव जीतने के बाद राहुल का अपने संसदीय क्षेत्र का दूसरा दौरा होगा। राहुल के आगमन को लेकर पार्टी कार्यकताओं के साथ जिले के लोगों में उत्साह है।
राहुल गांधी सड़क मार्ग से होते हुए भुएमऊ गेस्ट हाउस पहुंचे। यहां वह कार्यकर्ताओं की बात को सुनने के साथ जिले के विकास कार्यों पर चर्चा करेंगे ताकि जिले के विकास कार्यों को प्राथमिकता के तौर पर कराया जाए। आम जनता से भी गेस्ट हाउस में मुलाकात करेंगे। साथ ही राहुल किसी भी क्षेत्र का भ्रमण भी कर सकते हैं।
रायबरेली राहुल गांधी की प्राथमिकता सूची में पहले स्थान पर है। इसका जिक्र वह लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान भी कर चुके हैं। संभावना जताई जा रही है कि भुएमऊ गेस्ट हाउस में बैठक के दौरान संगठन को और ताकतवर बनाने पर चर्चा करेंगे। (हनुमान मंदिर में राहुल गांधी।)
मंदिर में पूजा-पाठ करने के बाद राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र के लिए रवाना हो गए।