दिसंबर में सर्दियों की बारिश, कड़ाके की ठंड से दूर रहने वाले मौसमी तेवर रविवार तक रंग बदलने की तैयारी कर रहे हैं। मौसमी बदलाव के बीच मौसम विभाग ने लखनऊ समेत आसपास के इलाकों में शनिवार-रविवार को बादलों की लुकाछिपी के बीच बारिश, बूंदाबांदी की आशंका जताई है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जेपी गुप्त ने बृहस्पतिवार को बताया कि पहाड़ों पर अगले 24-36 घंटे में सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम के बदलाव की उम्मीद है।
शनिवार से इसकी झलक दिखनी शुरू हो सकती है। रविवार 6 जनवरी को प्रदेश के पूर्वी इलाकों समेत राजधानी लखनऊ में भी बादलों की आवाजाही के बीच बरिश दस्तक दे सकती है। उन्होंने बताया कि चूंकि इधर तीन-चार दिनों से पहाड़ों पर बने एक मौसमी सिस्टम के चलते बर्फीली पछुआ का जोर कमजोर हुआ है।
इसलिए गलन भरी ठंड कमजोर हुई है, रात का पारा चढ़ रहा है। लेकिन सुबह धुंध, कोहरा बना हुआ है। बृहस्पतिवार को कोहरे की आमद ने सुबह 300 से 500 मीटर के करीब की विजिबिलिटी से भी रूबरू कराया। लेकिन धूप खिलने के बाद दिन अधिकतर साफ ही रहा।
दिन का अधिकतम पारा सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 22.9 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम पारा सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम 7 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। रात को गलन के साथ धुंध ने डेरा डाला।