अमर उजाला व संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रम 'संगमम' में अलग-अलग राज्यों की संस्कृति व पकवानों से लोग रूबरू हुए।
लखनऊ के संगीत नाटक अकादमी में आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम में अलग-अलग राज्यों के कलाकारों ने अपनी मोहक प्रस्तुतियों से मन मोह लिया।
इसके साथ ही लोगों ने बेहद लजीज पकवानों का भी स्वाद लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में पधारे उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया। इस मौके पर लखनऊ की मेयर संयुक्ता भाटिया सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ करने के बाद उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि यह एक अद्भुत कार्यक्रम है। यहां पर आने के बाद ऐसा लग रहा है कि मैंने सभी राज्यों का भ्रमण कर लिया है। यहां तमिलनाडु, उड़ीसा और असम सहित कई राज्यों की संस्कृतियों व कार्यक्रमों का प्रस्तुत किया है। यहां आना एक सुखद अनुभव रहा है।
अलग-अलग राज्यों से आए कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुति दी।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि ऐसे आयोजन होते रहने चाहिए। इससे पता चलता है कि हमारी भारत माता ने अपने आंचल में कितनी सारी संस्कृतियों को समेट रखा है। हमें अपनी संस्कृति पर गर्व है।
आयोजन में अलग-अलग राज्यों के पकवानों के स्टॉल लगाए गए हैं।