लखनऊ विधानभवन का घेराव करने पर अड़े यूपी अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अभ्यर्थियों को पुलिस ने लाठियां फटकार कर खदेड़ दिया। पुलिस ने उपद्रव पर आमादा चार अभ्यर्थियों को हिरासत में लेकर बाद में रिहा कर दिया।
परीक्षा प्रक्रिया पर रोक लगाये जाने से नाराज सीएम आवास से लौट कर गांधी प्रतिमा पर एकत्र हुए अभ्यर्थियों की पुलिस से काफी देर तक नोकझोंक होती रही।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की कनिष्ठ सहायक, ग्राम विकास अधिकारी तथा सहायक लेखाकार एवं लेखा परीक्षक में चल रहे साक्षात्कार को अनिश्चित काल के लिए रोके जाने के विरोध में आज प्रदेश भर से सैकड़ों की तादात में अभ्यर्थी सुबह से ही मुख्यमंत्री आवास पर एकत्र हुए थे।
यहां से किसी तरह का आश्वासन न मिलने पर अभ्यर्थी हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे शेखर त्रिपाठी ने कहना है कि आयोग द्वारा आयोजित कनिष्ठ सहायक, ग्राम विकास अधिकारी तथा सहायक लेखाकार एवं लेखा परीक्षक की परीक्षाओं में चल रहे साक्षात्कार को जोच के नाम पर अनिश्चित काल के लिए रोक दिया गया है।
परीक्षाओं पर रोक लगाने की वजह से कनिष्ठ सहायक परीक्षा के साक्षात्कार के लिए 12 हजार 525, ग्राम विकास अधिकारी के लिए 20 हजार 491 और सहायक लेखाकार एवं लेखा परीक्षक के लिए 10 हजार 634 अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में पड़ गया है।