राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर के वीआईपी रोड स्थित शनिवार देर रात कपड़े की दुकान में आग लगने से हड़कंप मच गया। इससे शोरूम के पहले तल पर रहने वाला परिवार आग की लपटों में फंस गया। लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की मगर सफल नहीं हुए। सूचना पाकर पहुंची दमकल की आठ गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग से करीब 40 लाख का माल जलकर खाक हो गया।
पुलिस के मुताबिक, वीआईपी रोड स्थित गीतापल्ली मोड़ पास बीएनएलकर्मी रामकुमार बाजपेई ने चिकन महल नाम से कपड़े का शोरूम खोल रखा है। शोरूम के पहले तल पर राज कुमार परिवार संग रहते हैं। जबकि निचले हिस्से में शोरूम है।
शनिवार रात करीब 10 बजे राजकुमार ने शोरूम को बंद करके पहले तल पर बने मकान में चले गए। कुछ ही देर बाद शोरूम से धुआं निकलता देख वह नीचे उतरे और शटर उठाकर देखा तो अंदर धूधू करके जल रहा था। कुछ ही देर में आग की लपटें मकान के पहले तल पर पहुंचने लगी। इससे रामकुमार का परिवार फंस गया।
पत्नी व दो बेटों ने पड़ोसी की छत पर फांदकर बाहर निकल आए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दमकल की गाड़ियों को बुलाया। इसी बीच आग ने बेसमेंट में बने गोदाम को भी अपने आगोश में ले लिया। इससे आग भीषण हो गई। पूरी बिल्ड़िग धू धू करके जलने लगी। मौके पर पहुंची दमकल की 12 गाड़ियों ने करीब दो घंटे बाद आग पर काबू पाया। आग से शोरूम-गोदाम में रखा करीब 40 लाख का माल जलकर स्वाहा हो गया। दमकलकर्मियों ने बताया आग शार्ट सर्किट से लगी है।
पानी के लिए भटकती रही गाड़ियां
कपड़े शोरूम में लगी आग बुझाने को पहुंची दमकल की दो गाड़ियां दस मिनट के अंदर ही खाली हो गई। दमकल की गाड़ियां इधर-उधर भटकती रही। इसी बीच आग और भी भीषण हो गई। आग ने शोरूम संग गोदाम में आग पकड़ ली। लोगों ने बताया पानी न मिलने से दमकल की गाड़ियां आस पास काफी देर तक घूमती रही। जिसके बाद आस पास फायर स्टेशनों से गाड़ियों को बुलाया गया।