पावन नगरी अयोध्या मंगलवार को एक बार फिर मानो त्रेता युग के नजारों की साक्षी बनेगी। आधुनिक पुष्पक विमान यानी हेलीकॉप्टर से प्रभु राम, मां सीता और अनुज लक्ष्मण के स्वरूप पवित्र सरयू के तीर पर ‘अवतरित’ होंगे।
यूपी व बिहार के राज्यपाल रामनाईक व लालजी टंडन, सीएम योगी आदित्यनाथ और दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला किमजोंग सुक इन स्वरूपों का स्वागत करेंगी। उससे पहले प्रभु राम की जन्मस्थली में उनकी लीला से संबंधित विभिन्न झांकियां निकलेंगी। शाम को पूरी नगरी दीपमय होकर राक्षसों का संहार करके लौटे प्रभु राम के ‘आगमन’ की खुशियां मनाएगी।
जारी कार्यक्रम के अनुसार, छह नवंबर को अयोध्या नगरी में अपराह्न 11:30 बजे से 3:30 बजे तक मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के लीला चरित्र से जुड़ी विभिन्न झांकियों से सजी भव्य शोभा यात्रा निकलेगी। इसमें कोरिया, रूस, लाओस और ट्रिनीडाड के कलाकारों समेत कुल 500 लोक कलाकार भाग लेंगे।
गणमान्य व्यक्तियों द्वारा 3:00 बजे से 3:15 बजे तक राम बाजार, शिल्प ग्राम का उद्घाटन किया जाएगा। पद्मश्री सुदर्शन पटनायक की बालू की कलाकृति का अवलोकन भी किया जाएगा।
3:15 बजे से 3:30 बजे के बीच उत्तर प्रदेश व बिहार के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और कोरिया गणराज्य की प्रथम महिला रानी हो पार्क पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगी। 3:30 बजे से 4:00 बजे तक मुख्यमंत्री और कोरिया गणराज्य की प्रथम महिला किमजोंग सुक रानी हो स्मारक का शिलान्यास करेंगे।