जयपुर के लिए पैसेंजरों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इंडिगो एयरलाइन नौ अगस्त से लखनऊ से फ्लाइट सेवा शुरू करने जा रही है।
जबकि लखनऊ से रायपुर के लिए पैसेंजर नहीं मिलने के कारण सीधी सेवा पर विराम लगने जा रहा है। जेट एयरवेज हैदराबाद के लिए डायरेक्ट फ्लाइट चलाएगा।
जयपुर के लिए एयर इंडिया व जेट एयरवेज की ओर से डायरेक्ट फ्लाइट शुरू की गई थी। इसके बाद इस रूट पर यात्रियों की संख्या बढ़ गई। सकारात्मक परिणाम देखते हुए इंडिगो एयरलाइंस ने भी इस रूट पर डायरेक्ट विमान सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। नौ अगस्त से जयपुर के लिए फ्लाइट (6ई-451) शाम 4.30 बजे रवाना होकर 5.55 बजे जयपुर पहुंचेगी।
वहीं वापसी में फ्लाइट(6ई-454) शाम 6.25 बजे रवाना होकर 7.35 बजे लखनऊ पहुंच जाएगी। टिकटों की बुकिंग शुरू हो गई है। दूसरी ओर जेट एयरवेज ने हैदराबाद के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू करने के लिए 28 अक्टूबर की तारीख मुकर्रर की है। लखनऊ से फ्लाइट(9डब्ल्यू 3536) रात 8.05 बजे रवाना होकर रात 9.05 बजे हैदराबाद पहुंच जाएगी।
इंडिगो एयरलाइंस ने लखनऊ से रायपुर की सीधी विमान सेवा को 14 जुलाई से खत्म करने का फैसला लिया है। इस रूट पर इस्तेमाल हो रहे विमान को गोवा रवाना किया जाएगा। मसलन, लखनऊ से गोवा की सीधी उड़ान (6ई-588) 15 जुलाई से शुरू होगी। जो शाम 6.10 बजे रवाना होकर रात 8.35 बजे पहुंचेगी।