सियासत के शिखर पर पहुंचीं दो बहुओं की सूबे में महिलाओं की सुरक्षा पर जुबानी जंग सुर्खियां बटोर रही है। जी हां, इनमें से एक हैं मुख्यमंत्री अखिलेश की सांसद पत्नी डिंपल यादव व दूसरी हैं टीवी के परदे से केंद्रीय मंत्री तक का सफर तय करने वालीं स्मृति ईरानी।
शनिवार को डिंपल यादव गोंडा के धानेपुर व वजीरगंज में जनसभा को संबोधित करने के बाद मंच से उतरीं तो पत्रकारों ने उनसे सवाल किया कि इलाहाबाद के हलिया में जब लोग सेल्फी के लिए आगे बढ़े थे तो आपने ने कहा था कि इसकी शिकायत भइया से करूंगी। इस घटना पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा है कि भाजपा की सरकार बनने दीजिए डिंपल को सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। उनके इस बयान पर आपका क्या कहना है?
इस पर डिंपल ने कहा कि स्मृति ईरानी भाजपा शासित प्रदेशों की चिंता करें जहां कानून व्यवस्था खराब है और अपराध बढे़ हैं। यूपी तो अपराध में 22वें नंबर पर है। डिंपल ने कहा कि यह सास-बहू का सीरियल नहीं है सीरियस मैटर है। वह सीरियल के डायलॉग बोलती हैं। स्मृति मेरी व यूपी की महिलाओं के सुरक्षा की चिंता न करें।
वहीं, डिंपल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी जोरदार हमला बोला। शनिवार को धानेपुर बाजार में आयोजित एक जनसभा में उन्होंने भाजपा पर लोगों को जातियों में बांटने का आरोप लगाया और कहा विधानसभा चुनाव की लड़ाई हार रही भाजपा के नेता भेदभाव की राजनीति पर उतर आए हैं।
शनिवार को मेहनौन विघानसभा के समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी राहुल शुक्ला के समर्थन में आयोजित जनसभा को मुख्यमंत्री की पत्नी व कन्नौज सांसद डिंपल यादव ने संबोधित किया। डिंपल ने भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर भेदभाव की राजनीति करने का आरोप लगाया। कहा कि अपनी हार को सामने देखकर भाजपा के नेता जातिवादी राजनीति पर उतर आए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को झूठ का पिटारा बताते हुए कहा मन की बात करने वाले लोग भेदभाव की बात करने लगे हैं। अपने भाषणों में विकास के बजाय कब्रिस्तान-श्मशान का जिक्र कर रहे हैं। डिंपल ने प्रदेश में सपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का दावा किया।