लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र के कल्ली चौराहा पर बुधवार सरेशाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने राज नरायन सर्राफ ज्वैलरी शॉप से जेवर लूट लिए। दो नकाबपोश लुटेरों ने ज्वैलरी शॉप के मुनीम सुशील साहू को बंधक बनाया और असलहे के बट से शोकेस का कांच तोड़ कर दो हार व चांदी के बर्तन-पायल व अन्य सामान झोले में भर लिया।
बदमाश भागने लगे तो मुनीम ने शोर मचाया। इस पर लुटेरे हवाई फायरिंग करते हुए पीजीआई की ओर फरार हो गए। वारदात की खबर मिलते ही एएसपी उत्तरी विजय ढुल, क्राइम ब्रांच और सर्विलांस की टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। राज नरायन सर्राफ के मालिक संजीव जायसवाल एफआईआर दर्ज करा दी गई है। संजीव का कहना है कि लुटेरे 50,000 रुपये से अधिक का माल ले गये हैं। (वारदात के बाद पूछताछ करते पुलिसकर्मी।)
एल्डिको निवासी संजीव ने बताया कि उनकी व उनके भाईयों की कई ज्वैलरी शॉप हैं। कल्ली चौराहा स्थित ज्वैलरी शॉप दो साल पहले ही खोली है। यहां ज्यादा बिजनेस नहीं है इसलिए कल्ली निवासी मुनीम ही बैठता है। शाम करीब साढ़े छह बजे सुशील दुकान के बाहर बैठा था तभी रायबरेली की तरफ से काली पल्सर बाइक से तीन नकाबपोश बदमाश आये।
एक बदमाश बाहर ही बाइक पर खड़ा रहा जबकि दो ने उन पर असलहा तान दिया और धमकी देते हुए ज्वैलरी शॉप के भीतर ले गए। बदमाशों ने तिजोरी की चाबियां मांगी। सुशील ने चाबियां मालिक के पास होने की बात कही तो बदमाशों ने शोकेस और काउंटर के शीशे असलहे के बट से तोड़ डाले और दो हार, झुमके और काउंटर पर रखे चांदी के बर्तन समेटकर एक झोले में भर लिया। जैसे ही बदमाश बाइक पर बैठे, सुशील ने ‘लूट लिया-लूट लिया’ का शोर मचाया।
लोग चिल्लाते हुए दौड़े तो बदमाशों ने हवाई फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद बदमाश पीजीआई की तरफ भाग निकले। सुशील ने मॉडर्न कंट्रोल रूम को लूट की सूचना दी तो हड़कंप मच गया। एएसपी उत्तरी और सीओ कैंट हरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। इलाके की नाकाबंदी करा दी गई लेकिन बदमाशों का कुछ पता नहीं चल सका।