यात्राएं, आपको भीतर से सुकून देती हैं। यात्राओं के जरिए आप न सिर्फ नई-नई जगहें देखते, बल्कि नए रीति-रिवाज और परंपराओं से भी परिचित होते हैं। यात्राएं, आपके अवसाद को भी दूर करती हैं और जब आप यात्राओं से लौटते हैं तो खुद को पहले से ज्यादा तरोताजा महसूस करते हैं। आपके भीतर, नई ऊर्जा बहने लगती है। अगर आप यात्राओं के शौकीन है और प्रकृति की मनमोहक वादियों से रूबरू होना चाहते हैं तो एक बार गंगटोक जरूर घूम आएं। गंगटोक, सिक्किम की राजधानी है। यह बहुत ही खूबसूरत पर्यटन स्थल है। यहां से आपको कंचनजंगा का शानदार दृश्य देखने को मिलेगा। यह सिक्किम का सबसे बड़ा शहर भी है। गंगटोक में प्राकृतिक सौंदर्य चारों ओर बिखरा पड़ा है| कई दर्शनीय स्थल हैं। गंगटोक घूमने से पहले अगली स्लाइड में यहां के इतिहास के बारे में जान लीजिए।
प्रकृति की मनोरम वादियों का असली आनंद लेना है तो गंगटोक घूम आएं
गंगटोक, 1840 में बौद्ध तीर्थस्थल बना। यहां एनची मठ का निर्माण हुआ। यह शहर, तिब्बत और ब्रिटिश भारत के बीच व्यापार का मुख्य केंद्र रहा। सिक्किम का यह सबसे बड़ा शहर शिवालिक पहाड़ियों के ऊपर 437 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। साल 1947 में भारत के आजाद होने के बाद गंगटोक एक स्वतंत्र राजशाही बना रहा। इस शहर पर राजा चोग्याल और भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के बीच राजशाही शासन का पालन करने के लिए एक संधि पर हस्ताक्षर किये गए।
अगर आप गंगटोक घूमने की सोच रहे हैं तो आप एक जगह बिल्कुल मिस नहीं करना चाहेंगे। यह जगह है भारत-चीन अंतर्राष्ट्रीय सीमा- नाथुला पास - जिसे देखने के लिए आपको एक परमिट की आवश्यकता होती है जो आपको गंगटोक जाकर आसानी से मिल जाएगा। यहां पर आप त्सोंगमो झील भी देख सकते हैं। इस रास्ते पर आपको एक मंदिर भी मिलेगा जिसको यहां के स्थानीय लोगों द्वारा बहुत पवित्र माना जाता है। बता दें कि नाथुला पास- भारत-चीन सीमा पर सिर्फ भारतीय पर्यटकों को जाने की अनुमति होती है और विदेशियों को यहां जाने की इजाजत नहीं है।
एमजी रोड, गंगटोक
गंगटोक का दिल कहे जाने वाला एमजी रोड यहां आने वाले पर्यटकों द्वारा बहुत पसंद किया जाता है। एमजी रोड केंद्रीय शॉपिंग हब है, जहां आपको कई तरह की दुकानें, रेस्तरां और होटल सबकुछ मिलेगा। यहां आने वाले टूरिस्टों के लिए खरीदारी के लिए श्रेष्ठ जगह है। आप यहां पर शॉपिंग के दौरान टहल सकते हैं व बेंचों पर बैठ सकते हैं। यहां सफाई और स्वच्छता पर बहुत ज्यादा ध्यान दिया जाता है। इस जगह पर केवल पैदल यात्री आते हैं। वाहनों को किसी तरह की अनुमति नहीं है। एमजी रोड गंगटोक फूड एंड कल्चर फेस्टिवल के लिए बहुत ज्यादा लोकप्रिय है।
ताशी व्यू पॉइंट
इस जगह से आप बर्फ से ढंके पहाड़ों के सुंदर नजारों का आनंद ले सकते हैं। ताशी व्यू पॉइंट पर्यटकों के लिए एक बेहद खास जगह है। यहां से आप हिमालय पर्वत की खूबसूरती को देख सकते हैं। ताशी व्यू पॉइंट मध्य गंगटोक से 8 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इस जगह का निर्माण ताशी नामग्याल द्वारा किया गया था, जो 1914 और 1993 के बीच सिक्किम के राजा रहे थे। जिसकी वजह से इस जगह को उनका नाम मिला।