क्या कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने में विटामिन डी मददगार साबित हो रही है? रिसर्चरों के बीच विटामिन डी को लेकर सवाल बहुत ही प्रमुखता से उठता रहा है। कुछ महीने पहले ब्रिटिश सरकार में सेहत और पोषण को लेकर काम करने वाली संस्था साइंटिफिक एडवाइजरी कमिशन ऑन न्यूट्रिशन और नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ हेल्थ एंड केयर एक्सलेंस ने कोरोना में विटामिन डी की भूमिका को लेकर रिपोर्ट तैयार की थी।
Coronavirus: कोरोना वायरस से लड़ने में कितनी मददगार है विटामिन डी? सर्दियों में ज्यादा पड़ती है इसकी जरूरत
ब्रिटेन की नेशनल हेल्थ सर्विस का कहना है कि महामारी के इस दौर में लोगों को हर दिन 10 माइक्रोग्राम विटामिन लेनी चाहिए। खास करके उन लोगों को जो ज्यादातर वक्त घरों में बिता रहे हैं। ब्रिटेन में तो महामारी से पहले भी सर्दियों में अक्तूबर महीने से मार्च तक विटामिन डी अलग से लेने की सलाह दी जाती है। हालांकि पब्लिक हेल्थ इंग्लैंड (पीएचई) ने पूरे साल विटामिन डी की सप्लिमेंट लेने की सलाह दी है। पीएचई का कहना है कि जो बाहर नहीं जा पा रहे हैं या केयर होम में रह रहे हैं उनके लिए विटामिन डी अलग से लेना बहुत जरूरी है।
जिन्हें पूरे साल विटामिन डी अलग से लेने की है जरूरत-
- जो अक्सर घर से बाहर नहीं जाते हैं
- जो केयर होम में रहते हैं
- जिनकी त्वचा हमेशा कपड़ों से ढंकी रहती है
जिनकी त्वचा भूरी या काली है, उन्हें भी विटामिन डी पर्याप्त नहीं मिल पाती है, क्योंकि वो भी लॉकडाउन में बाहर नहीं निकल पा रहे। ऐसे में इन्हें भी पूरे साल अलग से विटामिन डी लेनी चाहिए। स्कॉटलैंड और वेल्स की सरकारों के अलावा उत्तरी आयरलैंड की पब्लिक हेल्थ एजेंसी ने लॉकडाउन में इसी तरह की सलाह दी थी।
हमें विटामिन डी की जरूरत क्यों?
यह बहुत ही आम लेकिन जरूरी तथ्य है कि मजबूत और स्वस्थ्य हड्डियों, दांत और मांसपेशियों के लिए विटामिन डी बहुत जरूरी है। इसकी कमी से हड्डियां कमज़ोर होती हैं और बच्चों में सूखे की बीमारी हो जाती है। वयस्कों में इसकी कमी के कारण ऑस्टिमलेशा नाम की बीमारी हो जाती है। रिर्सचरों ने यह भी कहा है कि विटामिन डी से शरीर में रोग प्रतिरोधी क्षमता प्रभावी रहती है और इससे संक्रमण से लड़ने में मदद मिलती है। कुछ स्टडी का यह भी कहना है कि शरीर में विटामिन डी की पर्याप्त उलब्धता से सामान्य जुकाम और फ्लू से बचा जा सकता है।
हालांकि साइंटिफिक एडवाइजरी कमिटी ऑन न्यूट्रिशन (एसएसीएन) ने सीने में संक्रमण को रोकने में विटामिन डी से इलाज की बात समीक्षा की है और कहा है कि इसके पर्याप्त सबूत नहीं हैं जिसके आधार पर कहा जाए कि इसके लिए विटामिन डी लेनी चाहिए।
क्या विटमिन डी से कोरोना को रोका जा सकता है?
नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर हेल्थ एंड केयर एक्सलेंस ने विटमिन डी पर हुई रिसर्च की समीक्षा में बताया है कि इसके कोई सबूत नहीं हैं जिसके आधार पर कहा जाए कि विटामिन डी के सप्लिमेंट से कोविड-19 को रोका जा सकता है। लेकिन विशेषज्ञों की इस पर कोई दो राय नहीं है कि महामारी के वक्त में विटामिन डी के कई फायदे हैं और शरीर में इसकी मौजूदगी पर्याप्त बनाए रखने की जरूरत है।
बीएमजे न्यूट्रिशन, प्रिवेंशन एंड हेल्थ की एक रिपोर्ट के अनुसार, 'विटामिन डी खास चीजों के लिए दी जानी चाहिए न कि कोविड-19 के इलाज के तौर पर। यह बिल्कुल सच है कि अभी के वक्त में विटमिन डी की कमी एक वाजिब तर्क है। विटामिन डी हमारे शरीर में पर्याप्त रहे यह हमारी स्वस्थ जीवन शैली का हिस्सा है।'