Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

अलर्ट: क्या रिनिंग और व्यायाम के बावजूद ब्लॉक हो सकती हैं दिल की धमनियां? जानिए हार्ट हेल्थ का छिपा सच

Tue, 10 Nov 2026 06:14 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: अभिलाष श्रीवास्तव Updated Tue, 10 Nov 2026 06:14 PM IST
सार

शारीरिक रूप से फिट होना दिल की बीमारी से पूरी सुरक्षा की गारंटी नहीं है। 48 साल के एक मैराथन रनर की कहानी बताती है कि बिना लक्षण भी दिल की धमनियों में गंभीर ब्लॉकेज हो सकता है। जानिए साइलेंट इस्कीमिया, परिवार में हृदय रोगों के इतिहास और इसके जोखिम के बारे में।

विज्ञापन
Can daily Runners Have Severe Heart Blockages know The Truth About Heart Health
हार्ट में ब्लॉकेज की समस्या - फोटो : Amarujala.com/AI

हार्ट हेल्थ की बात होते ही सबसे बड़े फिटनेस पर ध्यान देने की सलाह दी जाती है। मसलन अगर आप शारीरिक रूप से फिट हैं, रोजाना व्यायाम करते हैं, रनिंग-वॉकिंग जैसे अभ्यास करते हैं तो इसे हृदय स्वास्थ्य के लिए अच्छा माना जाता है।



अब ऐसे में सवाल ये है कि कोई व्यक्ति जो मैराथन दौड़ता है, रोज घंटों एक्सरसाइज कर सकता है, क्या इन सबके बावजूद उसके दिल की धमनियों में ब्लॉकेज हो सकती है? सुनने में भले ही यह हैरान करने वाला लगे, लेकिन 48 साल के एक फिट मैराथन रनर के साथ ऐसा ही हुआ। उसे न तो सीने में दर्द था, न सांस फूलने की शिकायत और न ही दिल की बीमारी का कोई दूसरा स्पष्ट संकेत। लेकिन फैमिली में हृदय रोगों की हिस्ट्री होने के कारण जब उसने अपने दिल की जांच कराई, तो रिपोर्ट देखकर उसके होश उड़ गए। दिल की चारों प्रमुख धमनियों में गंभीर ब्लॉकेज था और उसे बाईपास सर्जरी तक करानी पड़ी।

यह मामला बताता है कि फिटनेस और दिल की सेहत हमेशा एक जैसी नहीं होती। आखिर बिना किसी लक्षण के दिल की धमनियों में इतनी गंभीर रुकावट कैसे हो सकती है? आइए इस बारे में जान लेते हैं।

Trending Videos
Can daily Runners Have Severe Heart Blockages know The Truth About Heart Health
धमनियों में ब्लॉकेज की समस्या - फोटो : Adobe Stock

मैराथन रनर के हार्ट में ब्लॉकेज का मामला

एक अंग्रेजी वेबसाइट पर प्रकाशित रिपोर्ट में इस मामले का जिक्र किया गया है। बंगलूरू के एक 48 वर्षीय मैराथन रनर के दिल की जांच में दिल की चारों प्रमुख धमनियों में 75 से 90 प्रतिशत तक ब्लॉकेज देखा गया।

48 साल की उम्र में वह पूरी तरह स्वस्थ और फिट नजर आता था। उसे हार्ट की समस्याओं के आम संकेतों जैसे सीने में दर्द, सांस फूलने और या दिल में कोई परेशानी नहीं थी। जब उसके बड़े भाई की एंजियोप्लास्टी हुई तो फैमिली हिस्ट्री के खतरे को समझते हुए उसने भी अपने दिल की जांच कराई। जांच की रिपोर्ट ने उसके होश उड़ा दिए। उसके दिल की चारों प्रमुख धमनियों में ब्लॉकेज था। स्थिति इतनी गंभीर थी कि डॉक्टरों ने एंजियोप्लास्टी के बजाय बाईपास सर्जरी की सलाह दी। 

यह घटना एक बेहद जरूरी सवाल भी खड़ा करती है कि आखिर दिल की धमनियों में इतनी गंभीर रुकावट होने के बावजूद कोई व्यक्ति बिना किसी लक्षण के सामान्य कैसे रह सकता है?

हार्ट के इस कामकाज के बारे में जानिए

स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, दिल सिर्फ खून पंप करने वाला अंग नहीं है, बल्कि इसमें जरूरत के हिसाब से अपनी कार्यक्षमता बढ़ाने की अद्भुत क्षमता होती है। इसे दिल की रिजर्व कैपेसिटी यानी अतिरिक्त क्षमता कहा जाता है।
 

  • आमतौर पर आराम की स्थिति में शरीर की जरूरत पूरी करने के लिए दिल हर मिनट करीब 5 लीटर खून पंप करता है।
  • लेकिन जब हम दौड़ते हैं या कोई भारी शारीरिक गतिविधि करते हैं, तो शरीर को ज्यादा ऑक्सीजन की जरूरत होती है।
  • ऐसे में दिल अपनी पंप करने की क्षमता कई गुना बढ़ा सकता है। नियमित ट्रेनिंग करने वाले कुछ एथलीट्स में यह क्षमता बढ़कर 35 से 45 लीटर प्रति मिनट तक पहुंच सकती है।
  • दिल की यही अतिरिक्त क्षमता कई बार धमनियों में मौजूद रुकावट के बावजूद शुरुआती लक्षणों को सामने नहीं आने देती।
Can daily Runners Have Severe Heart Blockages know The Truth About Heart Health
हृदय की समस्याएं - फोटो : Adobe Stock Photo

साइलेंट इस्कीमिया का खतरा

दिल की बीमारियों से जुड़ी एक गंभीर स्थिति है, जिसे साइलेंट इस्कीमिया कहा जाता है। आसान भाषा में समझें तो जब दिल की मांसपेशियों तक पर्याप्त ऑक्सीजन वाला खून नहीं पहुंच पाता, तो इस स्थिति को इस्कीमिया कहते हैं। आमतौर पर ऐसा दिल की धमनियों में संकुचन या ब्लॉकेज के कारण होता है।

सामान्य तौर पर जब दिल को पर्याप्त खून नहीं मिलता, तो मरीज को सीने में दर्द, दबाव या बेचैनी महसूस हो सकती है। लेकिन साइलेंट इस्कीमिया में ऐसा जरूरी नहीं है। 
 

  • इसमें दिल की मांसपेशियों को पर्याप्त खून नहीं मिल रहा होता है, फिर भी व्यक्ति को सीने में दर्द या कोई स्पष्ट चेतावनी संकेत महसूस नहीं होता।
  • डायबिटीज के मरीजों में इस स्थिति का खतरा और भी ज्यादा होता है। लंबे समय तक ब्लड शुगर बढ़ा रहने से शरीर की नसों को नुकसान पहुंच सकता है। इनमें वे नसें भी शामिल हो सकती हैं, जो दर्द का संदेश दिमाग तक पहुंचाती हैं। 
  • इसलिए डायबिटीज के मरीजों में बिना सीने में दर्द के भी दिल की गंभीर समस्या हो सकती है। यही वजह है कि उन्हें अपने हृदय स्वास्थ्य को लेकर विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Can daily Runners Have Severe Heart Blockages know The Truth About Heart Health
हृदय रोगों का खतरा - फोटो : Adobe Stock

48 साल के इस मैराथन रनर की कहानी से सबसे बड़ी सीख यही मिलती है कि दिल की बीमारी का पता चलने के लिए सीने में दर्द या सांस फूलने जैसे लक्षणों का इंतजार नहीं करना चाहिए। सिर्फ फिट दिखने या रोजाना एक्सरसाइज करने से कोरोनरी आर्टरी डिजीज  की आशंका पूरी तरह खत्म नहीं होती। खासकर अगर परिवार में कम उम्र में हृदय रोगों की हिस्ट्री रही है, तो डॉक्टर से अपने जोखिम के बारे में सलाह जरूर ले लें।

फिट दिखने के बावजूद कैसे हो जाता है हार्ट में ब्लॉकेज?

सामान्य दिखने के बावजूद हार्ट ब्लॉकेज इसलिए हो सकता है क्योंकि दिल की धमनियों में रुकावट धीरे-धीरे विकसित होती है। शुरुआत में शरीर को पर्याप्त खून मिलता रहता है, इसलिए मरीज को सीने में दर्द, सांस फूलने या थकान जैसी कोई परेशानी महसूस नहीं होती। 
 

  • बैड कोलेस्ट्रॉल धमनियों की अंदरूनी दीवारों पर जमा होकर प्लाक बनाता है। धीरे-धीरे यह प्लाक खून के बहाव का रास्ता संकरा कर सकता है।
  • हार्ट की धमनियों में ब्लॉकेज धीरे-धीरे बढ़ता है। शरीर कुछ समय तक इसकी भरपाई कर लेता है, इसलिए मरीज को सामान्य गतिविधियों के दौरान परेशानी नहीं होती।
  • आराम की स्थिति में दिल को कम खून की जरूरत होती है। ऐसे में संकरी धमनियां भी शरीर की जरूरत पूरी कर सकती हैं। लेकिन ज्यादा मेहनत या एक्सरसाइज के दौरान खून और ऑक्सीजन की मांग बढ़ने पर समस्या सामने आ सकती है।
  • अगर माता-पिता या भाई-बहन को कम उम्र में हार्ट डिजीज हुई है, तो आपमें में भी इसका जोखिम बढ़ सकता है।



--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।

अगली फोटो गैलरी देखें
विज्ञापन

सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें  लाइफ़ स्टाइल से संबंधित समाचार (Lifestyle News in Hindi), लाइफ़स्टाइल जगत (Lifestyle section) की अन्य खबरें जैसे हेल्थ एंड फिटनेस न्यूज़ (Health  and fitness news), लाइव फैशन न्यूज़, (live fashion news) लेटेस्ट फूड न्यूज़ इन हिंदी, (latest food news) रिलेशनशिप न्यूज़ (relationship news in Hindi) और यात्रा (travel news in Hindi)  आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़ (Hindi News)।  

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed