Medically Reviewed by Dr. Parvesh Malik
भारत में कोरोना का कहर इतनी जल्दी खत्म होने वाला नहीं है। कभी संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं तो कभी घट रहे हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी इसको लेकर आगाह किया है और चिंता जाहिर की है। संगठन की मुख्य वैज्ञानिक डॉ. सौम्या स्वामीनाथन ने एक साक्षात्कार के माध्यम से बताया है कि भारत में कोरोना महामारी स्थानिकता के चरण में प्रवेश कर रही है। इसका मतलब ये है कि लोगों को इस वायरस के साथ ही रहना सीखना होगा। इससे साफ जाहिर है कि देश में लंबे समय तक कोरोना का संक्रमण रह सकता है और लोगों को परेशान कर सकता है। संक्रमण के मामलों में उतार-चढ़ाव के मामले पर डॉ. सौम्या का कहना है कि ऐसा विभिन्न हिस्सों में जनसंख्या की विविधता और प्रतिरक्षा की स्थिति के कारण हो रहा है। इसलिए सावधानी बरतनी और कुछ बातों का ध्यान रखना बहुत ही जरूरी है, ताकि संक्रमण से बचा जा सके।
चिंता की बात: भारत में जल्दी खत्म नहीं होने वाला कोरोना, इन बातों को ध्यान में रखना जरूरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिना मास्क पहने बाहर न निकलें
- जब कोरोना वैक्सीन नहीं आई थी, तब ऐसा कहा जा रहा था कि मास्क ही वैक्सीन है, लेकिन अब जब वैक्सीन आ गई है और उसे लगवाने वाले भी संक्रमित हो रहे हैं, इसलिए कहा जा रहा है कि मास्क पहनना हर किसी के जरूरी है, चाहे आपने वैक्सीन लगवाई हो या नहीं लगवाई हो। बिना मास्क पहने तो घर से बाहर भूलकर भी न निकलें और सबसे जरूरी बात कि मास्क सही से पहनें, जिससे नाक और मुंह दोनों अच्छी तरह ढके हों। एन-95 मास्क को सबसे बेहतर माना जाता है या फिर आप डबल मास्किंग भी कर सकते हैं।
सुरक्षित शारीरिक दूरी का पालन जरूर करें
- कोरोना से बचने के लिए जितना मास्क पहनना जरूरी है, उतना ही सुरक्षित शारीरिक दूरी का पालन करना भी जरूरी है। अगर आप घर से बाहर निकल रहे हैं तो लोगों से सुरक्षित शारीरिक दूरी बनाकर रखें, ताकि संक्रमित होने का खतरा न हो। अगर कोई व्यक्ति संक्रमित है और आप उसके पास जाते हैं तो जाहिर है आप भी संक्रमित हो सकते हैं। इसलिए इस नियम का पालन बिल्कुल न भूलें।
साफ-सफाई का ध्यान रखें
- कोरोना से बचाव के लिए कपड़ों से लेकर घर और खुद की साफ-सफाई का ध्यान रखें। कहीं बाहर से आएं तो तुरंत कपड़े निकाल कर उन्हें धोने के लिए डाल दें और नहा लें या फिर हाथ-पैर और मुंह अच्छे से धो लें। इस बात का भी ध्यान रखें कि कहीं बाहर से आने पर घर की किसी भी चीज को बेवजह न छुएं। अगर आप काम के सिलसिले में रोजाना घर से बाहर जाते हैं तो यह जरूरी है कि घर की साफ-सफाई का भी ध्यान रखें।
वैक्सीन लगवाना है सबसे जरूरी
- स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं कि कोरोना आपको भले ही वैक्सीन लगवाने के बाद भी संक्रमित कर दे, लेकिन अगर आपने टीका ले लिया है तो यह आपको गंभीर रूप से बीमार होने से जरूर बचा लेगा। इसलिए समय पर टीके की दोनों डोज जरूर लें। यह आगे चलकर कोरोना को खत्म करने में भी उपयोगी साबित हो सकता है।
नोट: डॉ. परवेश मलिक एक फिजिशियन हैं और वर्तमान में पानीपत के उजाला सिग्नस महाराजा अग्रसेन अस्पताल में कार्यरत हैं। डॉ. मलिक ने हरियाणा के महर्षि मार्कंडेश्वर इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ साइंसेज एंड रिसर्च मुल्लाना, से अपना एबीबीएस पूरा किया है। इन्होंने जनरल मेडिसिन में एमडी भी किया। पानीपत के उजाला सिग्नस महाराजा अग्रसेन अस्पताल में काम करने से पहले डॉ. परवेश ने एम.एम इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च महर्षि मार्कंडेश्वर यूनिवर्सिटी में जूनियर रेजिडेंट के तौर पर काम किया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित अस्वीकरण- बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।