वीडियो वायरल कर तालिबानी आतंकी बोला- हम घाटी में फैल चुके हैं, करेंगे फिदायीन हमले
आतंकियों को फिदायीन हमले करने के निर्देश देने वाले बयान के अगले दिन एक वीडियो जारी हुआ है। वीडियो तालिबानी आतंकियों द्वारा जारी किया बताया जा रहा है। वीडियो में एके 47 पकड़े नकाबपोश कह रहा है कि हम कश्मीर पहुंच चुके हैं और पूरी घाटी में फैल चुके हैं।
इसके बाद उसने कहा कि हम कुपवाड़ा, कुलगाम यहां तक कि दिल्ली तक भी पहुंच चुके हैं। हमें फिदायीन हमलों से शुरुआत करनी है। वैसे हमले जो हमने रूस में और अमेरिका की सेना पर किए थे। आतंकी ने खालिस्तान मूवमेंट का समर्थन करते हुए उनका भी साथ देने का एलान किया है।
यह भी पढ़ेंः हिजबुल को मौत का खौफ, सभी आतंकी संगठनों से बोला- फिदायीन हमले किए जाएं, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
वीडियो में ऐसा लग रहा है कि यह आतंकी किसी पहाड़ी इलाके में है क्योंकि उसके पीछे जो पेड़ है वो द्योदार का लग रहा है। उधर, सुरक्षा एजेंसियों की तरफ से इस वीडियो को लेकर कोई भी पुष्टि नहीं की गई है। हालांकि सूत्रों के मुताबिक सुरक्षा एजेंसियों ने इसका संज्ञान लेते हुए छानबीन शुरू कर दी है।
हिजबुल ने सभी आतंकी संगठनों को सुरक्षाबलों पर आत्मघाती हमले करने के निर्देश दिए
बता दें कि पुलवामा जिले में जैश-ए-मोहम्मद के आईईडी एक्सपर्ट अब्दुल रहमान और उसके साथियों के मारे जाने के बाद सभी आतंकी संगठनों को सुरक्षाबलों पर आत्मघाती हमले करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के लेटर पैड पर जारी इस बयान पर कमांडर गाजी हैदर का नाम लिखा हुआ है जिससे यह पता चलता है कि बयान उसकी ओर से जारी किया गया है।
सोशल मीडिया में वायरल बयान में कश्मीर में सक्रिय हिजबुल मुजाहिदीन, लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद, अंसार गजवातुल हिंद, आईएसजेके, तहरीक उल मुजाहिदीन, अल उमर मुजाहिदीन, अल बदर, द रेजिस्टेंस फ्रंट आदि आतंकी संगठनों के आतंकियों को ये निर्देश जारी किए गए हैं।
बयान में कहा गया है कि जब हम मारे जाते हैं तो सुरक्षाबल हमारे शव घरवालों को नहीं सौंपते। हम मौजूदा दौर में फिदायीन की तरह ही हैं। इसलिए फिदायीन हमले किए जाएं। इस मामले को लेकर जम्मू-कश्मीर पुलिस के कश्मीर रेंज के आईजी विजय कुमार से बात करने की कोशिश की गई लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया। इस बीच एक अन्य अधिकारी ने बताया कि इसका संज्ञान लिया गया है और यह पता लगाया जा रहा है कि क्या यह सही में किसी आतंकी संगठन ने जारी किया है या किसी की शरारत है।