अलगाववादियों की ओर से की गई बंद की कॉल को देखते हुए श्रीनगर के कई इलाकों में सोमवार को पाबंदियां रहीं।
हालात न बिगड़ें, इसको देखते हुए प्रशासन ने पाबंदियां लागू की थीं। जिला मजिस्ट्रेट श्रीनगर सईद आबिद राशिद शाह ने बताया कि श्रीनगर के सात थाना क्षेत्रों रैनावाड़ी, सफाकदल, नौहाटा, खानयार और एमआर गंज में कड़ी पाबंदियां रहीं।
इसके अलावा मायसूमा और क्रालखुड इलाके में सेना की तैनाती रही। गौर हो कि अलगाववादी नेताओं सैयद अली शाह गिलानी, मीरवाइज उमर फारूक और यासीन मलिक की ओर से बंद की कॉल की गई थी।
अलगाववादियों के बंद का घाटी में हलका असर देखने को मिला। कई दुकानें और व्यापारिक संस्थान बंद रहे। पेट्रोल पंप भी बंद रहे। कई स्थानों पर निजी गाड़ियां नहीं चलीं, लेकिन कार, कैब और आटो रिक्शा चलते रहे। इससे लोगों को आवाजाही में ज्यादा परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
अलगाववादी नेताओं का आरोप है कि सुरक्षा बल घाटी के लोगों को तंग कर रहे हैं और युवाओं से बुरा बर्ताव कर रहे हैं। अलगाववादियों ने लोगों से प्रदर्शन का भी आह्वान किया था।