भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और कैप्टन कूल के नाम से मशहूर क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी पिछले कुछ दिनों से कश्मीर पहुंचे हैं।
धोनी इस दौरान सेना की वर्दी में नजर आए। ज्ञात हो कि महेंद्र सिंह धोनी सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल (मानद) भी हैं।
माही रविवार को कश्मीर में एक क्रिकेट मैच में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे हुए थे। उक्त क्रिकेट मैच उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के कुंजर में उत्तरी और दक्षिणी कश्मीर की टीमों के बीच खेला गया। कुंजर में क्रिकट मैच का आयोजन सेना की ओर से करवाया गया।
माही इस दौरान स्थानीय लोगों और सेना के जवानों के साथ काफी घुलते मिलते नजर आए। धोनी ने मीडिया से कहा, भारत और पाकिस्तान के बीच सीरीज सिर्फ खेल नहीं है, बल्कि उससे कहीं ज्यादा है। मुझे लगता है कि सरकार को इस पर निर्णय लेने का अधिकार है और वही फैसला करेगी कि हम पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलेंगे या नहीं।
कश्मीर में माही ने युवाओं कों क्रिकेट की बारीकियों के बारे में भी अवगत कराया है और इस दौरान वो खुद गेंद फेंकते नजर आए।