बैंकों में दूसरे दिन नोट बदलाने और पैसे जमा करवाने वालों की बड़ी तादाद उमड़ी। महिलाओं सहित सैकड़ों लोग बैंकों में पहुंचे थे। इस तरह से बैंकों में पैर रखने को जगह नहीं हो रही थी।
बैंक के अंदर बाहर दोनों जगह पर उपभोक्ताओं की भीड़ देखी गई। हाथों में पेन और फार्म लिए लोग भीड़ कम होने का इंतजार करते रहे, लेकिन भीड़ कम होने की बजाय बढ़ती जा रही थी।
कनाल रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के गेट तक लोग कतार में अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे, जबकि बाहर खड़े लोग अंदर पहुंचने का इंतजार कर रहे थे, परेशानियों दोनों तरह के लोगों के लिए कम नहीं थी।
शुक्रवार को वीरवार के मुकाबले ज्यादा भीड़ नजर आई। बैंक के बाहर एटीएम से पैसे निकालने वाले लोग भी पहुंच रहे थे, लेकिन एटीएम में पैसे ही नहीं थे।
डोगरा हाल निवासी अशोक अरोड़ा के मुताबिक बैंक छह बजे खुलने की बात कही गई थी, लेकिन 4 बजे ही बैंक की ओर से कैश खत्म हो जाने की बात कह दी गई।