जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हुआ। सेना का चॉपर क्रैश होकर रंजीत सागर झील में जा गिरा। चॉपर के पायलट और सह-पायलट का अभी तक कोई पता नहीं चला है। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और सेना की टीम मौके पर पहुंची। लापता जवानों की तलाश में ऑपरेशन चलाया जा रहा है लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है।
सेना का चॉपर दुर्घटनाग्रस्त: चश्मदीद ने बताया- मैं झील की ओर देख रहा था, तभी इस तरह हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार सुबह 10 बजकर 50 मिनट पर हादसा हुआ है। तलाशी अभियान के दौरान दो हेलमेट, दो बैग, एक जूता और चॉपर के कुछ हिस्से बरामद हुए हैं।
रंजीत सागर झील इलाके में सेना की ओर से प्रशिक्षण कार्यक्रम भी चलाया जाता है। इस इलाके से पंजाब और हिमाचल की सीमाएं जुड़ी हुई हैं, लेकिन जहां चॉपर दुर्घटनाग्रस्त हुआ है, वह क्षेत्र कठुआ जिले में आता है।
बता दें कि मामून कैंट, 254 सेना विमानन स्क्वाड्रन, से चॉपर ने उड़ान भरी थी। जोकि रंजीत सागर झील में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि तकनीकी खराबी की वजह से यह हादसा हुआ है। लेकिन इस पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। तलाशी एवं बचाव अभियान में एनडीआरएफ की टीम लगी हुई है। स्थानीय पुलिस की टीम भी मौके पर है।
एसएसपी कठुआ रमेश कोटवाल ने कहा कि चॉपर का कुछ सामान झील से बरामद हुआ है। विशेष बल और गोताखोर बचाव अभियान चला रहे हैं। यह तकनीकी मामला है, अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी।