हरियाणा के सोनीपत के गन्नौर क्षेत्र के गांव अगवानपुर में दो भाइयों ने दबंगई दिखाते हुए गांव के ही एक युवक के घर में घुसकर गोली चला दी। आवाज सुनकर पड़ोस से युवक के चाचा मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। इस बीच अन्य परिजन व आस-पड़ोस के ग्रामीणों ने दोनों भाइयों को ईंट व लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला।
इसमें एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कहा-परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। हमलावरों ने पहले एक अन्य युवक पर भी गोली चलाई थी। उसके बयान पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
गांव अगवानपुर निवासी अभिषेक व उसका भाई अश्वनी सोमवार शाम को बाइक पर सवार होकर हवाई फायर करते हुए ग्रामीण सोमदत्त के घर में घुस आए। उन्होंने घर में भी फायरिंग कर दी। घर पर सोमदत्त की बहन व मां ही मौजूद थीं। फायरिंग की आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाले सोमदत्त के चाचा विजयपाल (65) मौके पर पहुंचे और उन्हें रोकने का प्रयास किया।
2 of 6
अगवानपुर में युवक की हत्या के बाद विलाप करती महिलाएं।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी। इस बीच परिवार के बाकी सदस्य व आस-पड़ोस के लोग आक्रोशित हो उठे और हमलावर भाइयों पर ईंट, डंडे व लाठियों से हमला कर दिया। दोनों को लोगों ने इतना पीटा कि अश्वनी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अभिषेक ने भी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
डीसीपी गौरव राजपुरोहित, एसीपी गन्नौर गोरखपाल राणा, थाना गन्नौर प्रभारी रवि कुमार, गन्नौर क्राइम यूनिट इंचार्ज राजपाल सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी पिस्तौल, कारतूस व बाइक को भी बरामद कर लिया। पुलिस ने मृतक विजयपाल के भतीजे साेमदत्त के बयान लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
3 of 6
अगवानपुर में युवक की हत्या के बाद घटनास्थल पर पड़ा अवैध पिस्तौल।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
देर रात तक पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही थी। पुलिस मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई में जुटी थी। गांव अगवानपुर में गोली चलाते हुए एक स्थान पर संदिग्ध हमलावर सीसीटीवी फुटेज में भी दिखाई दे रहे हैं।
4 of 6
बरामद अवैध पिस्तौल को देखते डीसीपी गौरव राजपुरोहित व गन्नौर क्राइम यूनिट इंचार्ज राजपाल अहलावत।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
दोस्त से कहासुनी की रंजिश में हमला करने की चर्चा, परिजनों ने कुछ भी बोलने से किया मना
गांव में चर्चा है कि हमलावरों के दोस्त संग सोमदत्त की छोटी-मोटी कहासुनी हो गई थी, जिसमें दोनों पक्षों में बातचीत के बाद समझौता भी हो गया था। इसी रंजिश में दोनों भाइयों ने हमला किया है। हालांकि पीड़ित परिवार की तरफ से किसी तरह की रंजिश नहीं होने की बात कही गई है। उनका कहना है कि उनकी सीधी कोई रंजिश नहीं है। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि इस तरह हमला किस कारण किया गया। सोमदत्त के पिता ने बताया कि उनका अभिषेक व अश्विनी से कोई झगड़ा नहीं था, लेकिन अभिषेक व अश्विनी आपराधिक प्रवृति के थे और गांव के ही लोगों को धमकियां देते रहते थे।
5 of 6
घटनास्थल पर पहुंचे डीसीपी गौरव राजपुरोहित, डीसीपी विजय व एसीपी गोरखपाल राणा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
वारदात से पहले गांव के ही सिमरन पर भी किया था फायर
अभिषेक व उसके भाई अश्वनी पर सोमदत्त के घर पर हमला करने से पहले गांव के सिमरन नाम के युवक पर भी फायरिंग करने का आरोप है। हमले में सिमरन बाल-बाल बच गया था। इसके बाद अश्विनी व अभिषेक फायरिंग करते हुए सोमदत्त के घर घुस आए। मामले को लेकर सिमरन ने पुलिस को बताया कि वह शाम को दुकान पर जा रहा था। इसी दौरान उसे अभिषेक व अश्वनी मिले थे। सिमरन ने बताया कि अश्विनी ने उसकी शादी में गोली चलाई थी। वह मामला अदालत में विचाराधीन है। वह शीतल पेय लेने गया तो इसी दौरान दोनों भाई बाइक पर आए और उन पर गोली चला दी, जिसमें वह बचकर भाग निकला। उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज कराया है।