हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले की तहसील कनीना के गांव उन्हाणी स्थित हैफेड गोदाम के पास वीरवार सुबह एक तेज रफ्तार निजी स्कूल की बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इसमें छह बच्चों की माैत हो गई जबकि 34 बच्चे घायल हो गए। चालक नशे की हालत में बस चला रहा था। उसे माैके से ही पकड़ लिया गया। घायल बच्चों को कनीना, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी के विभिन्न अस्पताल में भर्ती कराया गया। रेवाड़ी के एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन कुल 12 बच्चों में नौ आईसीयू में हैं। हादसे के समय बस में 43 बच्चे, एक शिक्षिका व ड्राइवर कुल 45 लोग सवार थे।
Haryana: स्कूल बस हादसा; पूर्व शिक्षा मंत्री के भांजे के बेटे सहित छह बच्चों की मौत, 34 घायल, पढ़ें सभी अपडेट
गुरुवार को जीएल पब्लिक स्कूल कनीना की बस ग्रामीण क्षेत्रों से बच्चों को बैठाकर कनीना-दादरी सड़क मार्ग पर स्थित गांव उन्हाणी के हैफेड गोदाम के पास पहुंची तो मोड़ पर नशे की हालत में चालक ने संतुलन खो दिया और बस का पिछला हिस्सा पेड़ से टकराया और बस पलट गई। हादसे के बाद बस में बच्चों की चीख पुकार मच गई।
आसपास के लोगों ने बच्चों को बस से बाहर निकाला और क्रेन की मदद से बस को सीधा किया। टक्कर इतनी तेज गति से हुई कि कुछ बच्चे तो बस की खिड़कियों से बाहर निकलकर सड़क पर जा गिरे। सभी बच्चों को कनीना के उप नागरिक अस्पताल व एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया जहां निजी अस्पताल में चार बच्चों को मृत घोषित कर दिया जबकि दो गंभीर रूप से घायल बच्चों ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
आठ बच्चों को स्थानीय अस्पतालों में उपचार देकर घर भेज दिया। दूसरी ओर, नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में हुई जांच में चालक के नशे की हालत में होने की पुष्टि हुई। दक्षिण रेंज आईजी राजेंद्र कुमार भी कनीना पहुंचे और घटनास्थल का दौरा किया। आईजी ने कहा कि मामले की बारीकी से जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा ने सभी स्कूलों में जांच के दिए आदेश
झाड़ली गांव में श्मशान घाट पहुंचीं शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा ने कहा कि हरियाणा के सभी स्कूलों को नोटिस जारी कर दिया गया है। अगर किसी भी स्कूल में कोई नशा करते हुए मिलता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही जितने भी स्कूल हैं, चाहे उन्होंने कॉन्ट्रैक्ट पर गाड़ियां लगा रखी हों या खरीदकर, सभी के दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
एसपी ने जांच के लिए टीम गठित की
पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा के कार्रवाई के लिए सीआईए महेंद्रगढ़, साइबर सेल और थाना शहर कनीना की टीमों का गठन किया गया। एसपी ने हादसे में मृतक बच्चों के परिजनों से मुलाकात की और आश्वासन दिया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।