महराजगंज में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए जिले में बनाए गए सभी 12 मतगणना स्थलों पर रविवार को गणना प्रारंभ हुई। कुछ ब्लाकों में समय से मतगणना प्रारंभ हो गई, वहीं कुछ ब्लाकों में नौ बजे के बाद प्रारंभ हुई।
UP Panchayat Election Result 2021: महराजगंज में 12 ब्लाकों पर मतगणना जारी, यहां पुलिस ने किया लाठी चार्ज
कोरोना के संक्रमण के बीच सभी मतगणना स्थलों पर सुबह आठ बजे से गणना प्रारंभ होनी थी। धानी, सदर व मिठौरा में लगभग साढ़े आठ बजे, जबकि निचलौल में 45 मिनट देर से मतगणना प्रारंभ हुई। लक्ष्मीपुर, घुघली, सिसवा, परतावल व पनियरा में लगभग नौ बजे मतगणना शुरू हुई।
मतगणना में हिस्सा लेने के लिए सुबह से ही प्रत्याशियों व अभिकर्ताओं का जमावड़ा शुरू हो गया था। मतगणना स्थल पर मौजूद स्वास्थ्य टीम ने सभी का एंटीजन टेस्ट कर के अंदर जाने की अनुमति दी।
महराजगंज जिले के फरेंदा में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का मतगणना कराने पहुंचे अभिकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। जिसको लेकर के लोगों के भगदड़ मच गई। दूर दराज से पहुंचे लोगों में पुलिस को लेकर डर बन गया। पुलिस का कहना है बिना कोविड-19 रिपोर्ट व बिना पास के पहुंचे लोगों पर हल्का बल प्रयोग किया गया है।