महराजगंज जिले में पंचायत चुनाव की सरगर्मी तेज है। बीते माह मंदी की मार झेलने वाले चिकन कारोबार के लिए पंचायत चुनाव संजीवनी बना है। इस कारोबार से जुड़े लोगों में खुशी है। क्योंकि इन दिनों चिकन की मांग ज्यादा बढ़ रही है। चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की लिस्ट सुबह ही चिकन कारोबारियों को मिल जा रही है, जिससे वे शाम तक उनकी मांग को पूरा करते हैं।
यूपी पंचायत चुनाव 2021: चौपट हुए चिकन कारोबार को पंचायत चुनाव में मिली संजीवनी, वोटरों को लुभाने में जुटे प्रत्याशी
प्रत्याशी अपने-अपने वोटरों को लुभाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। पंचायत चुनावों को लेकर गांव में माहौल गर्म है। कोई अपने वोटर को चिकन पार्टी दे रहा है तो किसी दूसरे तरीके से मतदाता का ध्यान अपनी ओर करने में लगा है। मुर्गा पार्टी के कारण क्षेत्र में मुर्गे के दामों में दो गुना इजाफा हो गया है। जिसके कारण चिकन कारोबारी खुश नजर आ रहे है। पिछले माह मुर्गा के रेट 100 से 120 रुपये प्रति चल रहे थे लेकिन अब मुर्गा के भाव 210 रुपये प्रति किलो के आसपास पहुंच गए हैं।
मुर्गे की बढ़ती डिमांड के कारण कारोबारी गांव तक ही होम डिलीवरी की सुविधा दे रहे हैं। जिससे गांव के लोगों की बल्ले-बल्ले हो रही है। ग्रामीणों के अनुसार शाम होते ही गांव में चिकन पार्टियां शुरू हो जाती है। चिकन की इतनी डिमांड बढ़ने से रोजाना मुर्गे के रेट में 10 से 20 रुपये की बढ़त हो रही है।
-3028 मतदान स्थल
-43 गांव के केंद्रो पर वायरलेस आरटी की सुविधा
-1206 मतदान केंद्र
-240 मतदान केंद्र अति संवदेनशील।