गोरखपुर में पिछले कई दिनों से जिले में कहर ढा रहे कोरोना से सोमवार को कुछ राहत मिली। कोरोना संक्रमण के नमूनों की जांच में सोमवार को 887 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इसमें 411 शहर के हैं। वहीं, बीआरडी मेडिकल कालेज में 24 घंटे में सात संक्रमितों की मौत हो गई। इसमें चार गोरखपुर के हैं। हालांकि मौतें पोर्टल पर अपलोड न होने से स्वास्थ्य विभाग ने मौतों की संख्या शून्य जारी की है।
गोरखपुर में कोरोना का कहर जारी: 24 घंटे में सात संक्रमितों की मौत, 887 नए मिले मरीज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय के मुताबिक जिले में अब तक 37368 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 419 की मौत हो चुकी है। 27299 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। 9650 सक्रिय मरीज हैं। गोरखपुर के शाहपुर निवासी 45 वर्षीय व कड़जहां निवासी 61 वर्षीय महिला, छिताल निवासी 50 वर्षीय व पिपरसंडी के रहने वाले 72 वर्षीय व्यक्ति बीआरडी मेडिकल कालेज के कोरोना वार्ड में भर्ती थे। सोमवार को उनकी मौत हो गई। इसी अस्पताल में भर्ती देवरिया के जजेज कालोनी निवासी 39 वर्षीय न्यायिक अधिकारी के अलावा इसी जिले की 65 वर्षीय महिला व 75 वर्षीय व्यक्ति ने अंतिम सांस ली।
भाजयुमो उपाध्यक्ष के पिता का भी निधन, परिवार बिखरा
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के महानगर अध्यक्ष व एकलौते बेटे की मौत से गमजदा मोहनलाल गुप्ता (60) का सोमवार को ह्दयगति रूकने से निधन हो गया। बताया गया कि बेटे की मौत से मोहनलाल सदमे में थे। अब परिवार में सिर्फ दो महिलाएं व एक बच्ची बची है। कमाने वाला कोई नहीं रह गया। भाजयुमो के महानगर उपाध्यक्ष मनोहर गुप्ता का रविवार को कोरोना संक्रमण से निधन हो गया था। वह परिवार के एकलौते बेटे थे। जो कमाई करते थे, उसी से पूरा परिवार चलता था। मनोहर की चार साल की बेेटी है। पत्नी गर्भवती हैं। मां भी बुजुर्ग हैं। जानकारी के मुताबिक मनोहर की मौत से पिता मोहनलाल गुप्ता को गहरा सदमा लगा था। इसी वजह से ह्दयगति रूकने से मौत हो गई। सोमवार को मोहनलाल गुप्ता का भी अंतिम संस्कार किया गया। धर्मशाला गुरुद्वारा गली में रहने वाला गुप्ता परिवार अब पूरी तरह से बिखर गया है। इसपर मेयर सीताराम जायसवाल व धर्मशाला बाजार वार्ड नंबर 39 से भाजपा पार्षद बबलू प्रसाद गुप्ता उर्फ छठठी लाल गुप्ता ने दुख जताया है। मेयर ने कहा कि भाजपा ने एक चमत्कारिक कार्यकर्ता खो दिया है। इसकी भरपाई कर पाना मुश्किल है।
मेडिकल कॉलेज में खाली कराए कई वार्ड
कोरोना महामारी को देखते हुए मेडिकल कॉलेज के नेहरू चिकित्सालय के आर्थो, सर्जरी, महिला व पुरुष मेडिसिन, महिला सर्जरी एवं स्त्री एवं प्रसूति रोग के सर्जरी वार्ड को पूरी तरह खाली करवा दिया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टॉफ की ड्यूटी कोरोना अस्पताल में लगा दी गई है। केवल गंभीर मरीजों की ओपीडी ट्रामा सेंटर में चलाई जा रही है। प्राचार्य डा. गणेश कुमार ने बताया कि नेहरू अस्पताल में भी 100 बेड कोविड वार्ड बनाने की तैयारी के चलते ऐसा किया गया है।
मुख्यमंत्री के ट्विटर हैंडल पर किसी व्यक्ति ने बीआरडी में 25 घंटे शव को रोके जाने की जानकारी साझा की थी। इस मामले की जांच के लिए एसएसपी दिनेश कुमार पी, एसडीएम सदर व एसपी नार्थ सोमवार को मेडिकल कालेज पहुंचे। उन्होंने इस मामले में जानकारी ली और कोरोना संक्रमण के बारे में भी डॉक्टरों से फीडबैक लिया।
गुलरिहा इंस्पेक्टर कोरोना संक्रमित, मनोज पाठक देखेंगे काम
गुलरिहा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार अग्रिहोत्री कोरोना पॉजीटिव पाए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद वह आइसोलेट हो गए हैं। थाने के कामकाज में कोई दिक्कत न हो इसलिए एसएसपी ने अपने पीआरओ इंस्पेक्टर मनोज पाठक को थाने की जिम्मेदारी सौंपी है। पिछले कुछ दिनों में एडीजी कार्यालय के सिपाही समेत कई पुलिसकर्मी भी संक्रमित मिले हैं। जिसमें एक दरोगा की मौत भी हो चुकी है।