श्रीकृष्ण जन्माष्टमी: गोरखपुर में जन्मोत्सव की धूम, आज सजेंगी भगवान कृष्ण की भव्य झांकियां- जन्मेंगे कन्हाई
बाजार में पूजन और सजावट के लिए ग्राहकों की भीड़ जुटी रहीं। असुरन, गोलघर, घंटाघर, आजाद चौक और अन्य प्रमुख बाजारों में युवक-युवतियां सजावटी सामान और भगवान के लिए विशेष वस्त्र, मोरपंख, पगड़ी, बांसुरी, मटका और श्रृंगार के सामान खरीदने में व्यस्त दिखे। कई स्थानों पर स्थानीय समितियों ने कार्यक्रमों के आयोजन के लिए जोर-शोर से तैयारियां की हैं।
108 तीर्थों के जल से होगा कान्हा का अभिषेक
अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) में देवरिया बाईपास रोड स्थित पैलेस में सोमवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण का अभिषेक 108 तीर्थों के जल से चांदी के कलश में किया जाएगा। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, कीर्तन और कृष्ण कथा का आयोजन होगा।
इसके अलावा, बच्चों के लिए पहली बार फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया है, जिसमें बच्चे कान्हा की विभिन्न वेशभूषाओं में सज-धज कर हिस्सा लेंगे। इस्कॉन की विभिन्न शाखाओं से देशभर के भक्त इस उत्सव में सम्मिलित होंगे।