गोरखपुर जिले में शुक्रवार को शहर में मौसम का नजारा कुछ जुदा नजर आया। कुछ इलाके में हुई रिमझिम बारिश ने लोगों को राहत पहुंचाई तो अधिकांश इलाकों में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहें। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार हालांकि अगले दो तीन दिन में मानसून की गोरखपुर में दस्तक देने की संभावना है, लेकिन स्थानीय सिस्टम की वजह से शहर के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
Gorakhpur Weather: गोरखपुर में कहीं रिमझिम बारिश से राहत, कहीं उमस भरी गर्मी से आफत
शुक्रवार सुबह से ही बादल छाए रहे। दिन चढ़ने के बावजूद बादलों का आना जाना लगा रहा। गोरखनाथ, गोरखपुर विश्वविद्यालय, मोहद्दीपुर, मेडिकल कॉलेज रोड समेत कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। वहीं, रुस्तमपुर, बेतियाहाता, नगर निगम आदि क्षेत्रों में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहें।
मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि लोकल हीट-अप की वजह से गोरखपुर के विभिन्न इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई है। लेकिन अगले दो तीन दिनों में गोरखपुर में मानसून की दस्तक हो सकती है। 27 जून को अच्छी बारिश की संभावना है। 27 से बारिश शुरू होगी तो कुछ दिनों तक होती रहेगी।
सामान्य तौर पर बिहार और पूर्वी उत्तरप्रदेश में बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम की वजह से मानसून की बारिश होती है। लेकिन, इस बार बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र बिहार आते-आते कमजोर पड़ जा रहा है। पुरवा हवा का साथ नहीं मिलने से मानसून का सिस्टम पूर्वी उत्तरप्रदेश तक नहीं पहुंच पा रहा है। पुरवा हवा बंगाल से निकलने के बाद असम की ओर से मुड़ जा रही है। इस वजह से असम में अच्छी खासी बारिश हो रही है।
गोरखपुर में दिन भर बादलों की आवाजाही लगी रही। सहजनवां के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी भी हुई। वहीं, शाम को मौसम बेहतर होने से बड़ी संख्या में लोगों ने रामगढ़ ताल का रुख किया।