भाई-बहन के अटूट प्रेम एवं विश्वास का पर्व रक्षाबंधन सोमवार को धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान बहनों ने भाइयों का तिलक कर कलाईयों पर राखी बांधी फिर मुंह मीठा कराया। वहीं भाइयों ने बहनों को नेग और उपहार देने के साथ ही जीवन भर रक्षा करने का वचन दिया।
Raksha Bandhan 2020: धूमधाम से मनाया गया रक्षाबंधन, शुभ मुहूर्त में राखी बांध बहनों ने भाइयों का कराया मुंह मीठा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच सोमवार को शहर में रक्षाबंधन का उत्साह देखने को मिला। उत्साह से भरी हुई बहने सुबह नहा धोकर तैयार हुई श्रृंगार किया और फिर शुभ मुहूर्त का इंतजार करने लगी जैसे ही सुबह के 8:30 बजे और भद्रा समाप्त हुआ, वैसे ही राखी बांधने का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर शाम तक चलता रहा।
वहीं शादीशुदा बहनें अपने मायके जाकर भाइयों को राखी बांधी। राखी बांधने के दौरान बहनों ने सतर्कता बरती। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए बहनों ने राखी बांधने के दौरान मास्क एवं सैनिटाइजर का भी प्रयोग किया।
मिठाई और राखी की दुकानों पर रही भीड़
प्रदेश सरकार के निर्देश के बाद भी यहां कोरोना के बढ़ते प्रकोप के मद्देनजर प्रशासन ने रक्षाबंधन के लिए राखी और मिठाई की दुकानें खोलने की अनुमति नहीं दी थी। जिससे शनिवार और रविवार दोनों दिन शहर पूरी तरह से लॉकडाउन रहा। सोमवार को सुुबह पांच बजे के बाद जैसे ही लॉकडाउन खत्म हुआ वैसे ही राखी और मिठाइयों की दुकानें खुल गईं। दुकान खुलते ही वहां लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। राखी की दुकानों पर अधिकतर महिलाएं तो मिठाइयों की दुकानों पर पुरूष मिठाई खरीदते नजर आएं। राखी और मिठाई खरीदने का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा।
वीडियो कॉलिंग पर देखा भाई को बांधी गई राखी
कोरोना वायरस का प्रकोप अपने चरम पर है। ऐसे में शहर से बाहर रहने वाली बहनों ने अपनों की सुरक्षा से समझौता न करते हुए भाइयों को राखी बांधने मायके नहीं गईं। उन्होंने पहले ही भाइयों को राखियां कूरियर और पोस्ट के माध्यम से भेज दी थी। सोमवार को शुभ मुहूर्त में बहनों ने भाइयों को वीडियो कॉल की। इस दौरान परिवार की अन्य महिला सदस्यों ने भाइयों के कलाई पर राखी बांधी। दोनों ने वीडियो कॉल पर एक दूसरे का देखकर राखी की रस्म पूरी की।
सोशल मीडिया पर दी बधाइयां
रक्षाबंधन पर सोशल मीडिया पर बधाइयों का दौर भी खूब चला। रविवार से ही शुरू हुआ बधाइयों का सिलसिला सोमवार को पूरे दिन चलता रहा। हर किसी ने फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम आदि सोशल नेटवर्किंग साइट्स के माध्यम से एक दूसरे को रक्षाबंधन पर्व की बधाइयां दी।
लॉकडाउन के कारण शनिवार और रविवार को दुकानें बंद थी। सोमवार को जब दुकानें खुुली तो लोगों की भारी भीड़ दुकानों पर उमड़ पड़ी। जबकि कोरोना तेजी से जिले में पांव पसार रहा है। ऐसे में कुछ लोगों ने मिठाई के बदले चॉकलेट और ड्राइफ्रूट की खरीदारी की।
घर पर बनीं मिठाइयों से भी मुंह कराया मीठा
बहुत सी बहनों ने इस बार भाइयों का मुंह अपने हाथ से बनी मिठाइयों से मीठा कराया। रक्षाबंधन से पहले लगे लॉकडाउन को देखते हुए बहनों ने घरों पर ही मिठाइयां तैयार कर ली थी। जिससे उन्होंने राखी बांधने के बाद भाइयों को मुंह मीठा कराया।