उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में दो दिन से लगातार हुई झमाझम बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन जलभराव से लोगों पर आफत टूट पड़ी। कलेक्ट्रेट, जिला अस्पताल, आरटीओ और सीएमओ कार्यालय परिसर में घुटने तक पानी भरने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नगर निगम की ओर से जगह जगह पंप लगाकर लोगों को राहत देने की कोशिश की गई, मगर वह नाकाफी साबित हुई।
तस्वीरें: बारिश के बाद गर्मी से राहत, जलभराव से आफत, जानिए फिर कब झूम के बरसेगा पानी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बता दें कि सोमवार की रात से शुरू हुई बारिश के बाद मंगलवार सुबह जब लोगों की नींद टूटी तो शहर के ज्यादातर इलाकों में घरों के आगे रास्ते पर पानी भरा हुआ नजर आया। तारामंडल रोड सर्विस लेन, आजाद नगर पूर्वी, महुई सुघरपुर, धर्मशाला बाजार अंडरपास, बक्शीपुर रोड, टाउनहाल, विजय सिनेमा रोड, अलीनगर रोड आदि पर जलभराव से लोगों को काफी दिक्कत हुई।
इलाहीबाग से पार्षद प्रतिनिधि मोहम्मद अख्तर ने बताया कि नगर निगम द्वारा नाला सफाई नहीं होने से आगा मस्जिद, जालफा कालोनी, सिटी मैरेज चौराहा, सईद अब्दुला अंसारी रोड पर जलभराव की स्थिति रही। दोपहर दो बजे तक पानी की निकासी नहीं हुई। वहीं रुस्तमपुर में नगर विधायक के आवास के सामने जलभराव को देखते हुए पंपिंग सेट लगाना पड़ा। दोपहर तक पानी की निकासी नहीं होने से लोगों को दूसरे रास्तों से जाना पड़ा।
संक्रामक अस्पताल से लेकर सरकारी दफ्तरों में जलभराव
जिला अस्पताल परिसर ही नहीं संक्रामक रोग विभाग परिसर में भी घुटने तक पानी लगा रहा। वहीं जिला अस्पताल, कलेक्ट्रेट, कमिश्नर कार्यालय परिसर, आरटीओ में कामकाज को लेकर पहुंचे लोगों को दिक्कत हुई।
मेडिकल और गोरखनाथ रोड पर चलना मुश्किल
असुरन से मेडिकल रोड पर निर्माणाधीन नाले की वजह से लोगों को काफी दिक्कत हुई। जिनकी दुकानें नाले से नीचे हो गई हैं, उनमें पानी भर गया। एचएन सिंह चौराहे से लेकर विष्णु मंदिर तक सड़क पर चलना मुश्किल था। इसी तरह गोरखनाथ ओवरब्रिज से लेकर थाना गेट तक मलबा नहीं हटने और नाला निर्माण होने से लोग काफी परेशान हुए।