कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए किशोरों (15 से 18 वर्ष) को लगने वाले टीकाकरण की शुरुआत सोमवार को समेकित क्षेत्रीय कौशल विकास पुनर्वास एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण केंद्र (सीआरसी) सीतापुर आंख अस्पताल में की गई। उमंग और उत्साह के साथ किशोर-किशोरियां टीका लगवाने के लिए आगे आए। टीका लगवाने के बाद कहा कि टीका सुरक्षित और असरदार है, जरूर लगवाएं। पहला टीका विलंदपुर की सारिका यादव को लगाया गया। जिले में पहले दिन 8330 किशोर-किशोरियों को टीका लगाया गया।
कोरोना पर वार: वैक्सीन लगवाने के बाद किशोर बोले, टीका है सुरक्षित-असरदार, जरूर लगवाएं
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सोमवार से किशोरों को लगना शुरू हुआ टीका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इसके बाद दाउदपुर के सूर्यांश श्रीवास्तव, तारामंडल की अंशिका बरनवाल, बिछिया की विजया श्रीवास्तव, अस्वस्थी गांव की हिमांशी त्रिपाठी व देवरिया के दो दिव्यांग किशोरों अंशु और प्रियांशु को टीका लगाया गया। सभी किशोरों ने अपील की कि टीका जरूर लगवाएं। इसके बाद धीरे-धीरे करीब 200 किशोरों को टीका लगाया गया।
राहत की बात यह थी कि किसी किशोर को कोई दिक्कत नहीं हुई। सीएमओ आशुतोष कुमार दुबे ने कहा कि पहले दिन 70 बूथों पर किशोरों को टीका लगाया जा रहा है। किशोरों में टीकाकरण को लेकर जबरदस्त उत्साह है। इस दौरान जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ एनके पांडेय समेत स्वास्थ्य विभाग के कर्मी मौजूद रहे।
किशोरों को दिखाई गई तारे जमीं पर फिल्म
सीआरसी में सुबह 11.30 बजे तक 222 किशोरों का पंजीकरण हो चुका था। टीकाकरण के लिए किशोरों के साथ-साथ अभिभावकों में भी उत्साह था। भीड़ न हो इसके लिए सीआरसी की ओर से एक हाल में तारे जमीं पर फिल्म चलाई गई। हाल में करीब 100 किशोरों के बैठने की व्यवस्था थी। किशोरों ने उत्साह से फिल्म देखी। इस दौरान महाराणा प्रताप बालक इंटर कॉलेज, बालिका इंटर कॉलेज और पिलर्स स्कूल के छात्र बुलाए गए थे।
मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास हेल्पलाइन के पोस्टर का लोकार्पण
ग्रामीण विधायक विपिन सिंह, सीएमओ डॉ आशुतोष कुमार दुबे, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एनके पांडेय ने मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास हेल्पलाइन के पोस्टर का लोकार्पण किया। पोस्टर में मानसिक बच्चों के बारे में जागरूकता संदेश थे। विधायक ने पोस्टर की थीम को सराहा।
किशोर बोले, जिसे मिले मौका टीका जरूर लगवाएं
संक्रमण से बचने के लिए टीका लगाया गया है। पहले थोड़ा डर लगा, जब टीका लग गया तो डर खत्म हो गया। अपील है की लोग मास्क जरूर पहनें। - अंशिका बरनवाल, एमपी बालिका इंटर कॉलेज
टीका लगवाते समय हल्का चीटी काटने जैसा दर्द महसूस हुआ। इसके बाद कोई दिक्कत नहीं हुई। सभी लोग टीका जरूर लगवाएं। - सारिका यादव, सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज
टीका लगवाने के बाद खुद तो सुरक्षित हुआ हूं, परिवार को भी सुरक्षित किया हूं। सभी को टीका जरूर लगवाना चाहिए। यह सुरक्षित और असरदार है। - सूर्यांश श्रीवास्तव, सेंट जोसेफ स्कूल खोराबार
टीका लगवाते समय थोड़ी दिक्कतें हुईं, लेकिन जब टीका लग गया तो डर खत्म हो गया। टीका लगवा चुके लोगों से अपील की है कि मास्क पहनना न छोड़ें। - विजया श्रीवास्तव, डिवाइन पब्लिक स्कूल, बिछिया
स्कूलों में भी दिखा उत्साह
टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग ने करीब 20 स्कूलों में बूथ बनाए थे। इन बूथों पर टीका लगवाने वाले किशोरों में जबरदस्त उत्साह दिखा। बिना किसी डर और बेझिझक के किशोरों ने टीका लगवाया।
सीएमओ डॉ आशुतोष कुमार दुबे ने कहा कि किशोरों में टीकाकरण को लेकर उत्साह दिखा है। टीकाकरण के लिए हर ब्लॉक में दो से पांच इंटरमीडिएट कॉलेजों में बूथ बनाए गए हैं। 15 जनवरी तक सभी तीन लाख 11 हजार किशोरों को टीका लगाने का लक्ष्य है। पर्याप्त मात्रा में टीका उपलब्ध है।