गोरखपुर में वैक्सीन की कमी के बीच कोविड का टीका लगवाने के लिए लोगों के बीच जमकर हंगामा हुआ। शहर के आसपास के बूथों पर वैक्सीन न पहुंचने की वजह से लोगों की भीड़ महिला अस्पताल और जिला अस्पताल के बने बूथ पर पहुंच गई। इसकी वजह से वहां अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। स्थिति ऐसी हो गई है कि उमस भरी गर्मी में महिला बेहोश तक हो गई। इस बीच वैक्सीन न होने की वजह से झरना टोला के बूथ पर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। मजबूरन स्वास्थ्यकर्मियों को पुलिस बुलानी पड़ी। तब जाकर किसी तरह मामला शांत हुआ।
कोरोना पर वार: गोरखपुर में टीकाकरण के बूथ बने कम, लोगों ने जमकर किया हंगामा, बुलानी पड़ी पुलिस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इन लोगों को टीका लगवाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। सभी टीका लगवाने वालों को पांच से छह घंटे तक इंतजार करना पड़ा। इस बीच महिला अस्पताल, महिला अस्पताल के एमआरआई बूथ और संक्रामक अस्पताल के बने बूथ पर जबरदस्त भीड़ हो गई। इसकी वजह से लोगों के बीच विवाद हुआ।
भीड़ को देखकर पुलिसकर्मी भी परेशान हो गए। किसी तरह लोगों को समझा बुझाकर लोगों को शांत कराया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ एनके पांडेय ने बताया कि वैक्सीन की कमी की वजह से कम बूथ बनाए गए थे। जैसे ही वैक्सीन आती है वैसे ही बूथों की संख्या बढ़ा दी जाएगी।
झरना टोला में बुलानी पड़ी पुलिस
वैक्सीन की कमी के कारण झरना टोला में स्वास्थ्यकर्मियों को पुलिस बुलानी पड़ी है। स्वास्थ्य कर्मियों के मुताबिक वैक्सीन शुक्रवार को नहीं आई थी। इसका बोर्ड भी लगा दिया था। इस बीच सैकड़ों की संख्या में लोग आ गए और जबरदस्ती वैक्सीन लगवाने का दबाव बनाने लगे। इसकी सूचना पहले सीएमओ को दी गई। इसके बाद 112 नंबर पर पुलिस बुलानी पड़ी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाया तब जाकर लोग माने और वापस गए। इसी तरह मोहद्दीपुर, तारामंडल, जाफरा बाजार में बने बूथों से लोग बिना टीका लगवाएं ही निराश लौट गए।
उमस भरी गर्मी में महिला हो गई बेहोश
महिला अस्पताल में ट्रांसपोर्ट नगर से टीका लगवाने आई महिला नंदिनी उमस भरी गर्मी में बेहोश हो गई। उसके साथ आए परिजनों ने बताया कि सुबह आठ बजे से ही लाइन में लगी थी। लेकिन इसके बाद भी 11 बजे तक नंबर नहीं आया था। इस बीच लाइन में भीड़ इतनी अधिक हो गई कि लोग एक-दूसरे से बुरी तरह से चिपके हुए थे। ऊपर से गर्मी ज्यादा थी। इसकी वजह से वह बेहोश हो गई। इस बीच जिला अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों ने महिला का इलाज करते हुए उसे टीका लगवाया।