शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणि उद्यान (चिड़ियाघर) के लोकार्पण के दूसरे दिन मंगलवार को करीब 10 हजार लोगों ने सैर की। टिकट खरीदने के लिए सुबह से शाम चार बजे तक लंबी कतार लगी। फिर भी करीब दो हजार लोग टिकट नहीं खरीद सके। इन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा। इस बीच टिकट खरीदने के लिए आपाधापी और धक्कामुक्की के बीच हंगामा भी हुआ। चिड़ियाघर प्रशासन ने मुख्य द्वार बंद करा दिया, फिर भी लोग डटे रहे। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस बुलानी पड़ी। डायल-112 की गाड़ियां आईं, फिर जाकर भीड़ नियंत्रित की जा सकी।
तस्वीरें: 10 हजार लोगों ने देखा बब्बर शेर-बंगाल टाइगर, दो हजार लोग लौटे मायूस
दर्शकों ने चिड़ियाघर के अलग-अलग बाड़ों को गौर से देखा और वन्यजीवों के बारे में जानकारी भी ली। बब्बर शेर के बाड़े के बाहर से फोटो खिंचाई। बच्चों ने खूब मस्ती की है। हड़हवा फाटक की प्रतिमा ने अपनी भतीजी अनुभा का केक काटकर जन्म दिन मनाया। उप प्रभागीय वन अधिकारी संजय कुमार मल्ल ने बताया कि दर्शकों के उत्साह से चिड़ियाघर प्रशासन गदगद है। डॉ योगेश प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ लगातार चिड़ियाघर का निरीक्षण करते रहे। साथ ही दर्शकों को वन्यजीवों के बारे में जानकारी देते रहे।
आज दो पालियों में खुलेगा मुख्य द्वार
चिड़ियाघर के निदेशक राजामोहन ने बताया कि बुधवार से चिड़ियाघर का मुख्य द्वार दो पालियों में खोला जाएगा। पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे खुली है। दूसरी पाली दोपहर 1 बजे से 3:30 बजे रहेगी। नई व्यवस्था से मुख्य द्वार से अंदर आकर टिकट लेने वालों को दिक्कत नहीं होगी। टिकट काउंटर सुबह 8:30 बजे से शाम 4 बजे तक खुलेगा। बुधवार से जो कुछ बदलाव किए जा रहे हैं, उससे दर्शकों को राहत मिलेगी।
जल्द मिलेगा ऑनलाइन टिकट
टिकट काउंटर पर भीड़ से चिड़ियाघर प्रशासन परेशान है। काउंटर की जगह ऑनलाइन टिकट की व्यवस्था बनाने की कवायद चल रही है। डॉ. योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि दर्शकों की सुविधा के लिए ऑनलाइन टिकट की बिक्री शुरू की जा सकती है। इससे काउंटर पर भीड़ नहीं जुटेगी।