पत्नी पर भूत चढ़ने का वहम एक शख्स को बहुत भारी पड़ा। उसने अपनी पत्नी का भूत उतारने के लिए घर के आंगन में गड्ढा खोदा और तंत्र मंत्र के चक्कर में फंस कर अपनी पत्नी का कुछ ऐसा हाल कर डाला।
पत्नी का भूत उतारने के लिए पति ने अपनाया अजब तरीका, आंगन में खोदा गड्ढा और कर दिया कांड
तंत्र-मंत्र के चक्कर में नक्स-ताबीज देने वाली एक महिला ने दूसरी महिला की जान ले ली। यह मामला गांव शाहचौखा का है। भूत उतारने के दावे के साथ एक महिला और उसके पति ने दूसरी महिला को करीब पांच फीट गहरे गड्ढे में गर्दन तक जमीन में दबा दिया। इससे उसकी मौत हो गई। महिला की मृत्यु होने पर उसे कार में डालकर उसके गांव भूडपुर (पलवल) भेज दिया गया। मामले पर दोनों पक्षों की गांव शाहचौखा में रात तक पंचायत चलती रही। पुलिस का कहना है कि शिकायत आने पर कार्रवाई होगी।पलवल जिले के गांव भूडपुर-उटावड निवासी साकिर ने बताया कि उसके तीन बच्चे हैं।
उसकी 30 वर्षीय पत्नी प्रमीना को कुछ परेशानी थी। उसे सरकारी और प्राइवेट डाक्टरों को दिखाया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। फिर मंगलवार को उसे लेकर पुन्हाना खंड के गांव शाहचौखा में नक्स-ताबीज से भूत-प्रेत का कथित इलाज करने वाली साहिदा के पास लेकर गया। साहिदा ने कहा कि घबराने की कोई बात नहीं हैं। यहां इसका इलाज हो जाएगा। साकिर ने बताया, साहिदा और उसके पति ने प्रमीना को अपने ही आंगन में करीब पांच फीट गड्ढा खोदकर गर्दन तक दबा दिया। प्रमीना गड्ढे में करीब दो घंटे तक रही।
वह चिल्लाती रही कि उसे निकालो, घबराहट हो रही है, वह मर जाएगी। लेकिन महिला और उसके पति ने उसकी एक नहीं सुनी और करीब दो घंटे बाद उसकी मौत हो गई। साकिर का कहना है कि जब प्रमीना की हालत बिगड़ने लगी तो उसने भी उसे निकालने को कहा इस पर आरोपी महिला और उसका पति उसे पीटने दौड़ते हैं। आखिरकार पत्नी की मौत हो गई।
क्या कहती है पुलिस वहीं पिनगवां थाना प्रभारी पंकज कुमार का कहना है कि जैसे ही उनको सूचना मिली पुलिस टीम को मौके पर गांव शाहचौखा भेज दिया गया था। मौके पर मृतक महिला और उनका कोई परिजन नहीं मिला और ना ही अभी तक उनको कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
मामला सुलटाने को पंचायत हैरानी की बात है कि महिला की हत्या के इस मामले को बिरादरी के तौर पर सुलझाने के लिए दोनों पक्षों की गांव शाहचौखा में रात तक पंचायत चलती रही। आम तौर पर पुलिस ऐसे मामलों में अपनी तरफ से पहल नहीं करती है। मृत महिला के पति साकिर का कहना है कि आरोपी महिला साहिदा ने कार मंगवाई और जबरन उसे पत्नी के शव के साथ गांव भूडपुर भेज दिया। शव को लेकर पिनगवां थाने लेकर जा रहा था, अचानक गांव शाहचौखा के लोगों ने उसे रोक लिया। वे उससे कहने लगे हो सकता है तुम्हारा बिरादरी तौर पर फैसला हो जाए। साकिर का कहना है कि शाहचौखा में उसकी कई रिश्तेदारी है। फिलहाल वह पंचायत में है। वह चाहता है उसकी पत्नी के हत्यारों को सख्त सजा मिले। सुप्रीम कोर्ट का साफ दिशा निर्देश है कि आपराधिक मामलों में कोई पंचायत फैसला नहीं दे सकती।