लेजरवैली पार्क में शनिवार को दो दिवसीय फ्लावर शो की शुरुआत हो गई। यहां मलेशिया के ऑर्चिड फूलों की तरफ शहरवासियों का रुझान अधिक देखने को मिला।
शो में गुरुग्राम व आसपास के जिलों से करीब 200 फूलों की प्रजातियां प्रदर्शित की गईं। इन फूलों की खुशबू से लेजरवैली पार्क महक उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला उपायुक्त विनय प्रताप सिंह व हुडा प्रशासन यशपाल यादव ने किया।
इस अवसर पर जिला उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने कहा कि दिल्ली व आसपास के क्षेत्र में फूलों की खपत काफी अधिक है। इसलिए गुरुग्राम में फूलों की मंडी बनाने का प्रस्ताव सरकार के पास भेजा गया है।
दो दिन तक चलने वाले फ्लावर शो में 800 प्रतिभागियों ने अपने-अपने फूलों को यहां प्रदर्शनी में लगाया है। इनमें करीब 200 प्रकार की फूलों की प्रजातियां हैं।
बाजार में 150 से 200 रुपये प्रति फूल के अनुसार मिलने वाले मलेशिया के ऑर्चिड फूल की तरफ लोगों का अधिक रुझान दिखाई दिया। इसके अलावा ग्लैडलाइस, जरबेरा और कॉरनेशन की नई वैरायटी भी इस बार फ्लॉवर शो में प्रस्तुत किए गए हैं।
(सभी फोटो - सुदर्शन झा/अमर उजाला)