आंध्रप्रदेश के पूर्व राज्यपाल व यूपी-उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहे एनडी तिवारी के बेटे रोहित शेखर तिवारी हत्याकांड की गुत्थी से पुलिस ने भले ही पर्दा उठा दिया हो, लेकिन इस हाई प्रोफाइल केस की जांच के दौरान पुलिस अधिकारियों के पसीने छूट गए। शुक्रवार को जैसे ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि रोहित की गला व मुंह दबाकर हत्या की गई है, फौरन हत्या का मामला दर्ज कर जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई।
पहले दिन से ही था अपूर्वा पर शक, फिर भी जांच में लग गए पांच दिन
शुक्रवार को क्राइम ब्रांच ने रोहित के घर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पहले दिन की छानबीन के बाद ही पुलिस अधिकारियों को काफी हद तक साफ हो गया था कि रोहित हत्याकांड में उसकी पत्नी अपूर्वा का हाथ है, लेकिन उसने हत्या कैसे की और उसमें कौन-कौन शामिल हैं, इसकी जांच करने में पुलिस को पांच दिन लग गए। लंबी छानबीन के बाद पुलिस इस निष्कर्ष पर पहुंची कि वारदात को अपूर्वा ने अकेले ही अंजाम दिया। बाद में बुधवार को उसके कबूलनामे के बाद अपूर्वा को गिरफ्तार कर लिया गया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घर के सदस्यों से पूछताछ के दौरान अपूर्वा के बयानों में विरोधाभास आ रहा था। सोमवार रात करीब 10.30 बजे काठगोदाम-उत्तराखंड से लौटने के बाद रोहित खाना खाकर 11.30 बजे अपने कमरे में चला गया था। इसके बाद अगले दिन 4 बजे उसकी मौत का पता चला। अपूर्वा से जब पूछा गया कि लगातार कोई 16 घंटे से अधिक समय तक कैसे सो सकता है, तो वह इसका गोलमोल जवाब देती नजर आई। चूंकि रोहित हार्ट पेशेंट था, इसलिए हर दिन सुबह नौ बजे नौकर गोलू रोहित को उठाकर दवा देता था, जिसके बाद रोहित दोबारा सो जाता था, लेकिन उस दिन रोहित को दवा के लिए भी नहीं उठाया गया। नौकरों से जब दवा के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि अपूर्वा ने खुद दवा देने की बात की थी।
तलाक तक पहुंच गई थी बात
दूसरी ओर पहले दिन से रोहित की मां उज्जवला शर्मा रोहित व अपूर्वा के रिश्तों में कड़वाहट की बात कर रही थीं। यही वजह थी कि पुलिस को पहले दिन से अपूर्वा पर शक था। दोनों के रिश्तों में इस कदर कड़वाहट थी कि दोनों अलग-अलग कमरों में सोते थे। दोनों के बीच तलाक की बात भी चल रही थी। इधर पुलिस ने जब अपूर्वा से रोहित की हत्या के बारे में पूछा, तो उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए बताया कि उस रात को वह रोहित के साथ अंतरंग थी, हो सकता है कि इसी समय गलती से उसका गला व मुंह दब गया हो।