उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में शुक्रवार देर रात एक चार मंजिला इमारत ताश के पत्तों की तरह भर-भराकर जमींदोज हो गई। अचानक तेज धमाका हुआ तो पड़ोसी नींद से जागे। बाहर निकलकर देखा तो गली में धुंए का गुबार था। इस बीच मौके से चीखने-पुकारने की आवाज आने लगीं। कुछ ही देर में लोगों को इमारत गिरने का अहसास हो गया।
स्थानीय लोग मदद को भागे। बाद में कंट्रोल रूम को कॉल की गई। लोगों ने एक-एक कर घायलों को मलबे से निकालना शुरू कर दिया। इस बीच सूचना मिलने के बाद पुलिस व दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। हादसे के समय इमारत में 22-25 लोग मौजूद थे। घटना को देखते हुए डीडीएमए (दिल्ली आबदा प्रबंधन), एनडीआरएफ, एमसीडी व बाकी बचाव दलों को मौके पर बुला लिया गया।
2 of 9
Delhi building collapse
- फोटो : अमर उजाला
एक ही परिवार के आठ लोगों की मौत
सुबह होते-होते मलबे से करीब 15 लोगों को निकाल लिया गया, जिनमें चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। बाकी दिन भर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद धीरे-धीरे और लोगों को मलबे से निकालने का सिलसिला जारी रहा। दोपहर तक मृतकों की संख्या 11 तक पहुंच गई। इसमें एक ही परिवार के आठ लोग शामिल हैं। इसके अलावा 11 लोगों का जीटीबी अस्पताल में इलाज जारी है।
3 of 9
Delhi building collapse
- फोटो : अमर उजाला
15 साल पहले लापरवाही से इमारत का निर्माण किया गया
शुरुआती जांच के बाद पता चला है कि करीब 15 साल पहले लापरवाही से इमारत का निर्माण किया गया था। पिछले कुछ दिनों से ग्राउंड फ्लोर पर बनी दो दुकानों में काम चल रहा था। दो दुकानों के पार्टिशन को हटाकर एक ही दुकान में तब्दील किया जा रहा था। इसके अलावा गली में मौजूद नाली का पानी भी इमारत की बुनियाद में रिस रहा था। आशंका व्यक्त की जा रही है इसकी वजह से इमारत गिरी।
4 of 9
Delhi building collapse
- फोटो : अमर उजाला
सीएम रेखा गुप्ता ने दिए जांच के आदेश
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गहरा दुख जताते हुए हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। दोपहर को स्थानीय भाजपा विधायक मोहन सिंह बिष्ट व दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा घटना स्थल पहुंचे और राहत बचाव कार्य का जायजा लिया। उन्होंने आदेश दिया है कि एरिया में ऐसी और खतरनाक इमारतों को तुरंत खाली करवाया जाए।
5 of 9
Delhi building collapse
- फोटो : अमर उजाला
60 गज के प्लॉट में बनी थी बिल्डिंग
जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि रात करीब 2.50 बजे कंट्रोल रूम को डी-26, गली नंबर-1, शक्ति विहार, दयालपुर में चार मंजिला इमारत गिरने की सूचना मिली थी। बचाव दल मौके पर पहुंचा। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि करीब 60 गज के प्लॉट पर ग्राउंड फ्लोर के अलावा ऊपर तीन मंजिलें और बनी थीं।