{"_id":"6adbc7bdbbcceb64020f338c","slug":"east-delhi-a-50-yard-four-storey-house-tilted-as-its-foundation-was-being-dug-in-the-neighbourhood-2026-10-24","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"पूर्वी दिल्ली: पड़ोस में खोदी जा रही थी नींव, 50 गज का चार मंजिला मकान झुका;15-20 लोगों को सुरक्षित निकाला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पूर्वी दिल्ली: पड़ोस में खोदी जा रही थी नींव, 50 गज का चार मंजिला मकान झुका;15-20 लोगों को सुरक्षित निकाला
Sat, 24 Oct 2026 03:28 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sat, 24 Oct 2026 03:28 AM IST
सार
नींव के नीचे की मिट्टी खिसकने से करीब 50 गज में बने मकान में चौड़ी दरारें आ गईं और इमारत एक तरफ झुक गई। हादसे के समय मकान में 15 से 20 लोग मौजूद थे। समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पांडव नगर के बी-ब्लॉक में एक नए भवन के निर्माण के लिए की गई गहरी खोदाई के कारण पास स्थित चार मंजिला आवासीय मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। नींव के नीचे की मिट्टी खिसकने से करीब 50 गज में बने मकान में चौड़ी दरारें आ गईं और इमारत एक तरफ झुक गई। हादसे के समय मकान में 15 से 20 लोग मौजूद थे। समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, पांडव नगर के बी-ब्लॉक स्थित प्लॉट नंबर बी-126 पर नए भवन के निर्माण के लिए जेसीबी मशीन से गहरी खोदाई की जा रही थी। इसके ठीक बगल में प्लॉट नंबर बी-127 पर जय सोनी का चार मंजिला मकान है। मकान मालिक जय सोनी का आरोप है कि पड़ोसी प्लॉट पर उचित सुरक्षा मानकों का पालन किए बिना की गई खोदाई के कारण उनके मकान की नींव के नीचे की मिट्टी खिसक गई। इससे इमारत की संरचना प्रभावित हुई और मकान खतरनाक स्थिति में पहुंच गया।
विज्ञापन
शिकायत पर मामला दर्ज, जेसीबी जब्त
घटना के बाद जय सोनी ने संबंधित थाने में लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने मौके पर इस्तेमाल की जा रही जेसीबी मशीन भी जब्त कर ली है। पीड़ित पक्ष ने निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हुए नुकसान की पूरी भरपाई की मांग की है।
विज्ञापन
मकान खाली, आवाजाही पर रोक
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एहतियातन क्षतिग्रस्त मकान को पूरी तरह खाली करा लिया गया है। आसपास बैरिकेडिंग कर आवाजाही बंद कर दी गई है, ताकि किसी अन्य अप्रिय घटना को रोका जा सके। घटना ने घनी आबादी वाले इलाकों में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन और निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।